Gujjar

अनुसूचित जनजाति में आरक्षण की सिफारिश का पत्र केन्द्र सरकार को भेजे जाने की माँग को लेकर राजस्थान में तेरह दिनों से जारी गुर्जर आन्दोलन अनिश्चय के दौर से गुजर रहा है।

राजस्थान सरकार गुर्जरों की माँग मानने से इनकार करते हुए समस्या का समाधान करने के लिए राजस्थान गुर्जर आरक्षण संघøा& समिति के संयोजक कर्नल किरोडी सिंह बैंसला से जयपुर में आकर बातचीत करने का आग्रह कर चुकी है, वहीं कर्नल बैंसला राज्य सरकार को दो टूक शब्दों में कह चुके हैं कि `राजस्थान सरकार गुर्जर समुदाय को अनुसूचित जनजाति में आरक्षण की सिफारिश का पत्र लेकर कीलूकापुरा पहुँचे तो बातचीत संभव है।' राजस्थान सरकार और आन्दोलनकारियों के बीच आए गतिरोध के कारण राजस्थान में सामान्य जन-जीवन पूरी तरह से ठप्प पड़ा है।

गुर्जर आन्दोलन के दौरान भरतपुर जिले के पारवाडी गाँव में पुलिस फायरिंग में मारे गये सोलह आन्दोलनकारियों का पोस्टमार्टम के बाद अन्तिम संस्कार हो चुका है, जबकि दौसा जिले के सिकंदरा मोड पर 24 मई को हुई पुलिस फायरिंग में मारे गये बीस लोगों और 30 मई को सवाई माधोपुर जिले के कुशालीपुरा दर्रा में पुलिस फायरिंग में मारे गये दो लोगों का अन्तिम संस्कार होना बाकी है।

आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि सिकंदरा मोड पर मृतकों के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया आज पूरी होने के बाद अन्तिम संस्कार होगा। वहीं सवाई माधोपुर के कुशालीपुरा दर्रा में मारे गये दो लोगों का अन्तिम संस्कार भी आज होगा। सूत्रों ने कहा कि गुर्जर आन्दोलन से अत्यधिक प्रभावित भरतपुर, सवाई माधोपुर और दौसा जिले में अप्रिय वारदात से निपटने के लिए सेना, सीमा सुरक्षा बल, केन्द्रीय सुरक्षा, अर्ध सैनिक बल समेत राजस्थान पुलिस तैनात की हुई है। उन्होंने बताया कि स्थिति तनावपूर्ण है, लेकिन शांति बनी हुई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार पुलिस फायरिंग के विरोध में तथा गुर्जर समुदाय को अनुसूचित जनजाति में शामिल करने की सिफारिश केन्द्र सरकार को भेजे जाने की माँग को लेकर प्रदेश के सात जिलों के करीब नौ कस्बों में आज आन्दोलन समर्थकों ने बंद का आव्हान किया है। बंद फिलहाल शान्तिपूर्ण है किसी भी स्थान से अप्रिय वारदात की सूचना नहीं है।

उत्तर पश्चिम रेलवे सूत्रों के अनुसार जयपुर-दिल्ली रेल मार्ग पर बांदीपुई और दौसा के निकट आन्दोलनकारियों द्वारा ट्रैक पर धरना दिए जाने के कारण इस मार्ग पर लगातार आज तीसरे दिन भी यातायात ठप्प रहा। यातायात ठप्प रहने के कारण इस मार्ग से आने जाने वाली करीब बाइस यात्री गाड़ियों का संचालन अग्रिम आदेश तक के लिए स्थगित किया हुआ है, जबकि कई ट्रेने मार्ग परिवर्तित करके चलाई जा रही है।गौरतलब है कि राजस्थान गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति के संयोजक कर्नल किरोडी सिंह बैंसला के नेतृत्व में गुर्जर समाज अनुसूचित जनजाति में आरक्षण की सिफारिश का पत्र केन्द्र सरकार को भेजे जाने की माँग को लेकर 23 मई से आन्दोलनरत है।