Shanker Sahani

पंजाबी के पाँच टॉप गायकों में शंकर साहनी का नाम ज़रूर शामिल होता है। इसकी वजह यह है कि किसी भी गायक को सुर से जितनी मोहब्बत होनी चाहए, उतनी शंकर साहनी को भी ज़रूर है। इसका इससे बड़ा प्रमाण भला और क्या होगा कि `दि किंग ऑफ पंजाबी पॉप', `दि पॉप किंग ऑफ पंजाब', `किंग ऑफ स्टेज शो' जैसी दर्जन के करीब उपाधियों एवं सम्मानों से विभूषित इस गायक के अब तक सत्रह अलबम आ चुके हैं और अमूमन हर अलबम को संगीत-प्रेमियों का भरपूर प्यार मिला है। फिलहाल शंकर साहनी की चर्चा उनके नए अलबम `गलासी' को लेकर हो रही है।

क्या है `गलासी' एवं आपके कॅरियर में इसका कितना महत्व है?

दस अलग-अलग मनोभावों को दर्शाने वाले पंजाबी गीतों का गुलदस्ता है `गलासी'। एलबम को तेगसंस ग्रुप ने रिलीज किया है जबकि इसके गीत अवतार बाब, परमिंदर गिल,रायकोटि साहिब, इंद्रजीत, परमपाल संधू, जग्गी कोहाला, अलबेल बराड़, जग्ग धानेसर एवं बलवंत सिद्दू ने लिखे हैं। इन गीतों को लंदन के मशहूर संगीतकार बी-2 ने संगीत से सजाया है।

आजकल वीडियो एवं अलबम एक-दूसरे के पूरक हो गए हैं, तो क्या `गलासी' के गीतों का भी वीडियो बनाया गया है?

जी हाँ। और वह भी एक नहीं, तीन गीतों का। अलबम के पहले गीत एवं टाइटल ट्रैक `गलासी' का वीडियो हिमांशु सैनी के डायरेक्शन में बना है। इसमें मेरे साथ मशहूर मॉडल एवं फेमिना मिस इंडिया-2007 में `मिस मरमेड' का खिताब जीतने वाली गौरी आनंद ने काम किया है। यह पूरी तरह डांस पर आधारित गीत है। सूफियाना टच वाले दूसरे गीत का वीडियो बॉलीवुड फिल्म्स यूएसए एवं सनीभान के डायरेक्शन में बना है, जबकि भाई-बहन के रिश्ते पर आधारित तीसरे गीत `बदल गया वीरा...' के वीडियो का डायरेक्शन रितुराज एवं धर्मेंद्र ने किया है। सभी वीडियो विदेशी लोकेशंस पर भले ही शूट किए गए हैं, लेकिन इसमें आपको ढूंढने से भी वल्गरिटी एवं न्यूडिटी नहीं मिलेगी।

काफी समय पहले `चैंपियन' फिल्म के लिए प्लेबैक किया था। `जट लुट्या गया...' गीत काफी हिट भी रहा था। उसके बाद प्लेबैक में नहीं आए, वजह?

अहम समस्या समय की है। प्लेबैक के लिए ज़रूरी है कि आप मुंबई में डेरा डालें। वहाँ के संगीतकारों के संपर्क में रहें। यह मुझसे संभव नहीं है, क्योंकि मैं साल में तकरीबन नौ माह स्टेज शो में ही बिजी रहता हूँ और इसके लिए देश-विदेश में घूमता रहता हूँ। स्टेज शो से समय मिलने पर अलबम पर काम शुरू कर देता हूँ। ऐसे में प्लेबैक की फुरसत ही मुझे नहीं है। दूसरी बात यह भी है कि एक स्टेज शो से मुझे जितनी आमदनी हो जाती है, उतनी दस फिल्मी गीत गाकर भी नहीं हो सकती।

आने वाले समय में आप और नया क्या ला रहे हैं?

एक अलबम कंप्लीट है और यह पूरी तरह हिन्दी गानों का अलबम है। इसके अलावा सूफी संगीत पर आधारित `सूफी बाय शंकर' अलबम पर भी तेजी से काम चल रहा है। यह भी हिन्दी का अलबम है। `महा मृत्युंजय मंत्र' की विश्व की प्रथम वीसीडी भी मैंने तैयार की, जिसे लोगों ने काफी पसंद किया। यह वीसीडी तो मैं निशुल्क बांटता हूँ ताकि सभी लोग इस महामंत्र का लाभ उठा सकें।