घोंघे के बारे में तो आपने अपने स्कूली दिनों में अपनी पाठ्य पुस्तकों में पढ़ा ही होगा, लेकिन शायद आप नहीं जानते हों कि घोंघों की एक प्रजाति तो बहुत ही ज़हरीली होती है, जो अपने शिकार के शरीर में अपना खतरनाक ज़हर प्रविष्ट कराकर उसके दिल की धड़कन बंद कर देती है
घोंघे के बारे में तो आपने अपने स्कूली दिनों में अपनी पाठ्य पुस्तकों में पढ़ा ही होगा, लेकिन शायद आप नहीं जानते हों कि घोंघों की एक प्रजाति तो बहुत ही ज़हरीली होती है, जो अपने शिकार के शरीर में अपना खतरनाक ज़हर प्रविष्ट कराकर उसके दिल की धड़कन बंद कर देती है, जिससे कुछ ही पलों में शिकार मौत की नींद सो जाता है। हिन्द व प्रशांत महासागर के तटीय इलाकों में पाई जाने वाली घोंघों की यह प्रजाति हालांकि देखने में बहुत सुंदर और आकर्षक होती है लेकिन इसकी फितरत बहुत खतरनाक होती है।
अपनी प्यारी बनावट और लुभावने व आकर्षक अंदाजों के लिए मशहूर गैस्ट्रोपैड परिवार से संबंधित इन ज़हरीले घोंघों के पेट की नस में एक बहुत ही खतरनाक तरह का विष भरा होता है। इसी विष को ये घोंघे अपने शिकार के शरीर में एक बर्छी की तरह घुसा देते हैं। उस समय तो शिकार को बस यही अहसास होता है मानो उसके शरीर में कोई छोटी-सी सुई चुभी हो, किन्तु ज़हर के प्रभाव से कुछ ही पलों में उसे सांस लेने में दिक्कत होने लगती है और वह अपनी सुध-बुध खो देता है, जिसके बाद उसका हृदय भी काम करना बंद कर देता है। सांप की तरह घुमावदार शारीरिक आकृति वाले इन घोंघों के शरीर का कोमल हिस्सा ढक्कन (खोल) के अंदर होता है। यह अपने मुँह को खोल से बाहर निकालकर बड़ी आसानी से चारों ओर घुमा सकता है। जब ये घोंघे शिकार की तलाश में निकलते हैं तो संवेदनशील अंगों वाला अपना मुंह अपने सख्त खोल से बाहर निकाल लेते हैं, लेकिन खतरे का ज़रा भी आभास होते ही मुंह को फौरन खोल के अंदर कर लेते हैं।