Shilpa Shetty

नियमित रूप से संतुलित आहार, व्यायाम व योग से जुड़े रहने वाली बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी रविवार को 33 साल पूरे करने जा रही हैं, लेकिन आज भी उनकी उम्र 16 साल की किशोरी-सी ही लगती है। बॉलीवुड में 15 साल का सफर पार कर चुकीं शिल्पा शुक्रवार को राजधानी में योग पर आधारित एक वीडियो `शिल्पाज योग' के लांच के लिए पहुंची थीं।

उन्होंने कहा, `योग दिमाग, शरीर और आत्मा को तंदुरुस्त रखता है। मुझे गर्दन और रीढ़ की हड्डी में दर्द की शिकायत थी। प्रशिक्षकों की देख-रेख में मैंने योग करना शुरू किया और मुझे काफी लाभ हुआ।' शिल्पा ने आईएएनएस से कहा, `मैं भूखे रहकर दुबले होने में यकीन नहीं रखती। समय पर खाती हूँ और स्वस्थ रहने के लिए नियमित रूप से व्यायाम और योग करना नहीं भूलती। इसका यह अर्थ नहीं है कि मैं हर रोज बटर, चिकन और नॉन- खाती रहती हूँ। यदि आप मन, शरीर और आत्मा को स्वस्थ रखना चाहते हैं तो नियमित रूप से योग करें।'

पिछले साल इंटरनेशनल इंडियन फिल्म अकैडमी (आईफा) समारोह में खास अंदाज में अपना जन्मदिन मनाने के बाद इस साल शिल्पा जन्मदिन परिवार के साथ दुबई में मनाने वाली हैं। `शिल्पाज योग' वीडियो में शिल्पा नजर तो आ ही रही हैं, इसका निर्माण भी उन्होंने खुद ही किया है। पहले वह इसके अंग्रेजी संस्करण में भी नजर आ चुकी हैं। वह कहती हैं, `पैसे कमाने के लिए मैंने इस वीडियो का निर्माण नहीं किया है, बल्कि अपने जुनून और योग के प्रति विश्वास को प्रशंसकों के साथ बांटने के लिए किया है।'

शिल्पा अपने बैनर `एस 2 ग्लोबल प्रोडक्शन' तले जल्दी ही एक बड़े बजट की फिल्म बना रही हैं, जिसमें वह खुद अभिनय भी करेंगी। इसके अलावा फिल्म `द मैन' में वह एक सीधी-सादी युवती का किरदार निभा रही हैं, जबकि `हनुमान' में वह सीता के किरदार में दिखेंगी। शिल्पा कहती हैं कि फिलहाल शादी का उनका इरादा नहीं है।