कॉमेडी फिल्म `मेरे बाप पहले आप'
दर्शकों को हँसाने और गुदगुदाने के लिये ओमपुरी, परेश रावल तथा अक्षय खन्ना जैसे कलाकारों ने अपने कॉमेडी के जोहर दिखाये हैं, इस कॉमेडी प्रधान फिल्म में। जनार्धन विशंभर राणे (परेश रावल) अपनी पत्नी के जाने के बाद अपने दो छोटे-छोटे बेटों चिराग (मनोज जोशी) और गौरव (अक्षय खन्ना) की परवरिश बहुत अच्छी तरह से करता है। बड़ा हो जाने पर छोटा बेटा गौरव अपने पिता की पूरी जिम्मेदारी उठाता है। छोटा बेटा होने के बावजूद वह अपने पिता का ख्याल किसी छोटे बच्चे की तरह रखता है। यहाँ तक की वह उसे पुन विवाह के लिये बेकरार विधुर माधव माथुर (ओमपुरी) से दूर रखने के लिये डाँट-डपट करता है तथा कभी-कभी कमरे में भी बंद कर देता है। गौरव को अपने पिता का यह दोस्त बिल्कुल पसंद नहीं है। दरअसल, पुन विवाह के लिये लड़कियां देखने के लिये जाते वक्त माधव जनार्धन को भी अपने साथ ले जाता है। ऐसे में कई बार दोनों मुसीबतों में फंस जाते हैं। ऐसे में इन दोनों को बचाने के चक्कर में गौरव को शर्मसार होना पड़ता है। इसके अतिरिक्त अत्यंत व्यस्त गौरव को किसी लड़की के ऊट-पटांग फोन भी परेशान करते हैं, जो बाद में उसकी कॉलेज की दोस्त शिखा कपूर (जनेलिआ डिसूजा) निकलती है। शिखा अपनी गार्जियन अनुराधा (शोभना) के साथ रहती है, जो जनार्धन का पहला प्यार है। इतने सालों बाद एक-दूसरे के रु-ब-रु होने पर, उन दोनों के व्यवहार से शिखा और गौरव सच्चाई भांप जाते हैं। ऐसे में गौरव चाहता है कि उसके पिता अनुराधा से शादी कर लें। इसी प्रयास में ये दोनों भी एक-दूसरे के नजदीक आ जाते हैं। लेकिन, यह कार्य आसान नहीं है। ऐसे में वे माधव माथुर को अपना हथियार बनाते हैं। क्या तीनों मिलकर जनार्धन और अनुराधा को विवाह के बंधन में बांध पायेंगे....? |
|