विशेष श्रेणीइस लेख को |
विश्व कप 1983 - रजत जयंती आज से
विश्व कप 1983 की ऐतिहासिक जीत के रजत जयंती समारोह कल से शुरू हो जाएँगे, जिसमें चैंपियन टीम के सदस्य क्रिकेट बोर्ड के सम्मान समारोह से लेकर कई अन्यकार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। विश्व चैंपियन टीम के सम्मान में आयोजित समारोहों की शुरुआत दोपहर के बाद ही हो जाएगी। टीम के सदस्य विजय माल्या के स्वामित्व वाली यूनाइटेड बेवरेज और गीतांजलि ज्वेलर्स के सम्मान समारोह में भाग लेंगे, जिसमें यह स्टार क्रिकेटर भारतीय क्रिकेट की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धि की याद में रत्नजड़ित बल्ले का अनावरण करेंगे। ये सभी पूर्व क्रिकेटर इसके बाद ग्रेटर नोएडा स्थित जेपी गोल्फ कोर्स में गोल्फ में भी अपने हाथ आजमाएँगे। भारतीय क्रिकेट बोर्ड शाम को एक पंचतारा होटल में देश के उन नायकों को सम्मानित करेगा, जिन्होंने 25 जून, 1983 को लॉर्ड्स में वेस्टइंडीज की मजबूत टीम को हराकर विश्व कप जीता था। खेल-मंत्री एम.एस. गिल सहित कई गणमान्य हस्तियों की मौजूदगी में प्रत्येक खिलाड़ी को 25-25 लाख रुपये देकर सम्मानित किया जाएगा। सुर साम्राग्री लता मंगेशकर को भी इस समारोह के लिए आमंत्रित किया गया था, लेकिन यह महान गायिका स्वास्थ्य कारणों से इसमें शामिल नहीं हो पाएँगी। भारत की विश्व कप में पहली और एकमात्र जीत के बाद बीसीसीआई के पास कपिल के रणबांकुरों को सम्मानित करने के लिए पैसा नहीं था और ऐसे में लता ने विशेष कन्सर्ट करके धन जुटाने में मदद की थी। यह कन्सर्ट दिल्ली में आयोजित किया गया था और इससे तब बीसीसीआई को 20 लाख रुपये हासिल हुए थे और उसने उस समय प्रत्येक खिलाड़ी को एक-एक लाख रुपये देकर सम्मानित किया था। कल होने वाले समारोह में सभी पूर्व टेस्ट कप्तानों, दिल्ली में रहने वाले सभी टेस्ट क्रिकेटरों, दिल्ली की महिला अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेटरों, भारतीय महिला टीम की पूर्व और वर्तमान कप्तानों तथा बीसीसीआई के पूर्व पदाधिकारियों को आमंत्रित किया गया है। सभी राज्य संघों के अध्यक्ष और सचिवों के अलावा क्रिकेट खेलने वाले देशों के राजदूत भी इस अवसर पर मौजूद रहेंगे। इसी दिन सुबह बीसीसीआई कार्यकारिणी की बैठक बुलायी गयी है, जिसकी अध्यक्षता शरद पवार करेंगे, लेकिन इसे आम बैठक करार दिया गया है। इसके एजेंडा में विभिन्न उप-समितियों जैसे कि दौरा एवंकार्यक्रम समिति अंपायर समिति पिच एवं मैदान समिति और राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी की रिपोर्टों को मंजूरी देना भी शामिल है। विश्व चैंपियन टीम 23 जून की सुबह लंदन के लिए रवाना हो जाएगी। सुनील गावस्कर ने 25 साल पहले की जीत की याद ताजा करने के लिए लॉर्ड्स के लांग रूम में एक पार्टी रखी है, जिसमें सभी खिलाड़ी भाग लेंगे। बुधवार को होने वाली इस पार्टी में बीसीसीआई अध्यक्ष शरद पवार के भी शामिल होने की संभावना है। बुकमार्क किजिए
|
|