Daily Hindi Milap (South India No.1 Hindi News Paper publishing from Hyderabad) - http://www.hindimilap.com
करार पर यूएनपीए की बैठक शीघ्र : मुलायम
http://www.hindimilap.com/articles/548/1/aaaa-aa-aaaaaaa-aa-aaaa-aaaaa--aaaaaa/Page1.html
By विनय वीर
प्रकाशित 06/24/2008
 
Mulayam Singh Yadav समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने आज यहाँ कहा कि परमाणु समझौता मुद्दे पर विचार करने के लिए संयुक्त राष्ट्रीय प्रगतिशील गठबंधन (यूएनपीए) की बैठक दिल्ली में बुलाई जाएगी।

करार पर यूएनपीए की बैठक शीघ्र : मुलायम
Mulayam Singh Yadav

समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने आज यहाँ कहा कि परमाणु समझौता मुद्दे पर विचार करने के लिए संयुक्त राष्ट्रीय प्रगतिशील गठबंधन (यूएनपीए) की बैठक दिल्ली में बुलाई जाएगी।

यादव ने आज यहाँ पार्टी कार्यालय में संवाददाताओं से अनौपचारिक बातचीत करते हुए बताया कि यूएनपीए की बैठक शीघ्र आहूत करने के लिए वे सभी घटक दलों के नेताओं से बातचीत कर रहे हैं, साथ ही साथ कहा कि सपा के राष्ट्रीय महासचिव अमर सिंह इस समय विदेश दौरे पर गये हुए हैं और घटक दलों के सभी नेताओं की व्यस्तताओं और सुविधाओं को देखने के बाद जल्द ही बैठक की तिथि घोषित कर दी जाएगी। यह पूछे जाने पर कि वामपंथी दलों के नेताओं का यह कहना है कि परमाणु करार मुद्दे पर समाजवादी पार्टी मुस्लिम वोट बैंक के चलते किसी भी कीमत पर केन्द्र की संप्रग सरकार के साथ खड़ी नही हो सकती, यादव ने कहा, `कौन क्या कह रहा है, हम इस पर नही जाना चाहते। इस बारे में यूएनपीए की बैठक में घटक दलों के नेताओं से विचार -विमर्श के बाद ही कोई निर्णय लिया जाएगा।'

सपा मुखिया मुलायम ने स्पष्ट तौर पर यह भी कहा कि उनके वामपंथी दलों के साथ रिश्तों में कभी भी खटास नही आयी थी और न ही आने वाले समय में ऐसी कोई संभावना है।

उल्लेखनीय है कि बसपा द्वारा संप्रग सरकार से समर्थन वापस ले लिए जाने के बाद वामपंथी दलों द्वारा परमाणु करार को लेकर कड़ा रुख अख्तियार किये जाने के बाद केन्द्र सरकार के सामने दिक्कत खड़ी हो गयी हैं, ऐसी स्थिति में 39 सांसदों वाली समाजवादी पार्टी का करार के मुद्दे पर क्या रुख होगा, काफी मायने रखता है। लोकसभा चुनाव में उत्तर-प्रदेश में बसपा को रोकने के लिए पिछले कुछ समय से सपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियों की तरफ से एक-दूसरे के प्रति अपनाये जा रहे नरम रवैये से इस बात के भी कयास लगाये जा रहे हैं कि चुनाव को लेकर दोनों पार्टियों के बीच आपसी चुनावी समझौते की सहमति बनाने के प्रयास हो रहे हैं।