भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने आज तीखे तेवर अपनाते हुए कहा कि श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड (एसएएसबी) मामले में कांग्रेस की विकृत धर्मनिरपेक्षता उजागर हुई है। श्री आडवाणी ने आज यहाँ हवाई अड्डा पर संवाददाताओं
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने आज तीखे तेवर अपनाते हुए कहा कि श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड (एसएएसबी) मामले में कांग्रेस की विकृत धर्मनिरपेक्षता उजागर हुई है। श्री आडवाणी ने आज यहाँ हवाई अड्डा पर संवाददाताओं से कहा कि सभी धर्मों और संप्रदायों का सम्मान करना धर्मनिरपेक्षता है, लेकिन बहुसंख्यकों की भावनाओं और सुविधाओं पर ध्यान नहीं देना (विकृत धर्मनिरपेक्षता) का ही प्रतीक है। लोकसभा में विपक्ष के नेता श्री आडवाणी ने आरोप लगाया कि जम्मू-कश्मीर सरकार ने केंद्र की कांग्रेसनीत संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के दबाव में बोर्ड को आवंटित जमीन वापस लेने का फैसला लिया है।
श्री आडवाणी ने कहा कि जब वैष्णो देवी की यात्रा पर जाने वाले धर्मावलंबियों को बुनियादी और अन्य सुविधाएँ मुहैया कराई जा रही हैं तो अमरनाथ जाने वाले यात्रियों को बुनियादी सुविधाएँ उपलब्ध कराने में किसी को कोई दिक्कत क्यों हो रही है। उन्होंने अयोध्या में श्री राम मंदिर का मसला एक बार फिर उठाते हुए कहा कि जब आजादी के बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू के नेतृत्व में मंत्रिमंडल ने सोमनाथ मंदिर का निर्णय लिया था, तो अब अयोध्या में मंदिर निर्माण में क्यों परेशानी हो रही है। उनसे यह पूछे जाने पर कि भाजपा के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के कार्यकाल के दौरान अयोध्या में श्री राम मंदिर बनाने की पहल क्यों नहीं हुई, श्री आडवाणी ने कहा कि उस समय भी प्रयास हुए थे। श्री आडवाणी ने दोहराया कि आगामी लोकसभा चुनाव में अमरनाथ के अलावा श्री रामसेतु और संसद पर हमले के आरोपी अफजल गुरु को फाँसी की सजा पर अमल नहीं होना भी मुख्य मुद्दे होंगे।
उन्होंने महँगाई का जिक्र करते हुए कहा कि आने वाले विधानसभा चुनावों और लोकसभा चुनाव में इसकी कीमत कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों को चुकानी पड़ेगी। आसमान छूती महँगाई एकतरह से लोगों के साथ (विश्वासघात) है। उन्होंने यह भी कहा कि लोकसभा चुनाव निर्धारित समय से पहले होने के आसार हैं। परमाणु करार का जिक्र आने पर श्री आडवाणी ने कहा कि भाजपा अमेरिका के साथ सामरिक संबंध रखने के पक्ष में है, लेकिन उसे ऐसा कोई आश्वासन देना नहीं चाहती है, भारत पोखरण तीन नहीं करेगा। श्री आडवाणी ने कहा कि जिस तरह प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह परमाणु करार मुद्दे पर वाम दलों के दबाव के आगे नहीं झुक रहे हैं, उसी तरह का रुख उन्हें एसएएसबी मामले में अपनाना चाहिए थे।
एक अन्य प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि मध्य-प्रदेश में पर्यटन, खासतौर से धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में काफी तरक्की हुई है। श्री आडवाणी, आत्मकथा `माई कंट्री माई लाइफ' के हिन्दी रूपांतरण `मेरा देश, मेरा जीवन' के कल शाम यहाँ हुए विमोचन समारोह में शिरकत करने परिवार समेत आये थे। वह रात्रि विश्राम के बाद सुबह विमान से दिल्ली रवाना हो गये। विमोचन समारोह में आर्ट ऑफ लिविंग के प्रणेता श्री श्री रविशंकर, योग गुरु बाबा रामदेव, पूर्व केंद्रीय-मंत्री सुषमा स्वराज, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ नेता सुरेश सोनी और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी (गुजरात) वी. एस. यदियुरप्पा (कर्नाटक) डॉ. रमन सिंह, (छत्तीसगढ़) और शिवराज सिंह चौहान, (मध्य-प्रदेश) भी मौजूद थे।