पाकिस्तान अन्तर्राष्ट्रीय आतंकवाद का पालना
पाकिस्तान की सत्तारूढ़ पार्टी पीपीपी के सह- अध्यक्ष आसिफ अली जरदारी ने पाकिस्तान को आतंकवाद की नर्सरी करार देते हुए कहा कि पश्चिमी राष्ट्रों ने इस के अवाम के बजाय इसकी सेना में निवेश कर इस देश का इस्तेमाल अपने लघुकालिक राजनीतिक उद्देश्यों के लिए किया। जरदारी ने एथेन्स में सोशलिस्ट इंटरनेशनल कांग्रेस में अपने मुख्य संबोधन में कहा कि पाकिस्तान अब `अंतर्राष्ट्रीय आतंकवाद की पेट्रीडिश' बन गया है। पाकिस्तानी नेता ने कहा कि यह `नाकाम अंतर्राष्ट्रीय सियासत का उत्पाद है और हमारा सृजन नहीं है। फरवरी में आम चुनाव में सत्तारूढ़ गठबंधन का नेतृत्व कर रही पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के नेता ने कहा `औपनिवेशवाद के तहत हमारा शोषण किया गया शीतयुद्ध के दौरान हमारा इस्तेमाल किया गया अफगानिस्तान में सोवियतों के खिलाफ जंग के लिए हमें एक पक्ष में बदल दिया गया और जब वह जंग जीत ली गई, तो पाकिस्तान और जिस देश को हमने मुक्त कराया उसे उग्रवाद और धर्मांधता की शक्तियों के हाथों में अकेला छोड़ दिया गया।' जरदारी ने आतंकवाद के उन्मूलन के लिए क्षेत्र की अर्थ-व्यवस्थाओं और बुनियादी ढाँचा के पुनर्निर्माण के लिए एक अंतर्राष्ट्रीय प्रयास का आह्वान करते हुए कहा कि विश्व समुदाय ने अपनी लघुकालिक उद्देश्यों के लिए पाकिस्तान को इस्तेमाल करने की `बेइंतहा कीमत' चुकाई है। पीपीपी नेता ने कहा कि पाकिस्तान को दुनिया भर के एक अरब 30 करोड़ मुसलमानों के लिए अब भी आधुनिकता के एक मॉडल में तब्दील किया जा सकता है और इसके लिए अंतर्राष्ट्रीय समुदाय की मदद जरूरी है। जरदारी ने कहा, `हम अकेले इसे पूरा नहीं कर सकते। हमें दुनिया की मदद की जरूरत है।' उन्होंने आगाह किया, `जब हम कामयाब होंगे, हम उग्रवाद और आतंकवाद पर अंकुश लगाएँगे, लेकिन अगर हम नाकाम रहे, तो दुनिया भी हमारे साथ नाकाम रहेगी।' जरदारी ने इंगित किया कि हर माह पाकिस्तान के कबायली इलाकों और सीमावर्ती इलाकों और अफगानिस्तान में नए सियासी मदरसे ओर चरमपंथी मस्जिदें उभर रही हैं। ने इस पृष्ठभूमि में पूछा `क्या संयुक्त राष्ट्र, अमेरिका या ब्रिटेन ने हमारी सरजमीन पर आतंकवाद के शिकार बनने वालों को कभी एक सेंट भी दिया। जरदारी ने विश्व समुदाय से आग्रह किया कि वह न सिर्फ सैन्य स्तर पर आतंकवाद पर अंकुश लगाने, बल्कि `हमारे क्षेत्र की अर्थ-व्यवस्थाओं और बुनियादी ढाँच के पुनर्निर्माण से आतंकवाद की आग के सामाजिक और आर्थिक आक्सीजन' को बंद करने के लिए भी एक बहुआयामी अंतर्राष्ट्रीय कार्यक्रम का समन्वय करने के उद्देश्य से दक्षिण एवं मध्य एशिया क्षेत्र का सम्मेलन बुलाए। पीपीपी नेता ने कहा, `महाशक्तियों की गोलियों मिसाइलों और टैंकों से ज्यादा अच्छे ढंग से एक खुशहाल पाकिस्तान हमारी सीमाओं को आतंकवाद के अवशेषों से मुक्त करेगा।' उन्होंने कहा कि पाकिस्तान आतंकवाद के खिलाफ `सभ्य विश्व के एजेंट की तरह नहीं, बल्कि साझेदार के रूप में खड़ा है, क्योंकि हम पाकिस्तान की आत्मा के लिए लड़ रहे हैं।' बुकमार्क किजिए
|
|