Daily Hindi Milap (South India No.1 Hindi News Paper publishing from Hyderabad) - http://www.hindimilap.com
शाहरुख की नई हीरोइन बनी - अनुष्का
http://www.hindimilap.com/articles/671/1/aaaaaa-aa-aa-aaaaaa-aaa---aaaaaaa/Page1.html
By विनय वीर
प्रकाशित 07/3/2008
 
Shahrukh Khan is going to act with Anushka in Rab Ne Bana De Jodi यशराज फिल्म ने `रब ने बना दी जोड़ी' बनाने की घोषणा कुछ समय पहले ही कर दी थी और शाहरुख खान को भी हीरो के रूप में पहले ही साइन किया जा चुका था। लेकिन शाहरुख की हीरोइन . .

शाहरुख की नई हीरोइन बनी - अनुष्का
Shahrukh Khan is going to act with Anushka in Rab Ne Bana De Jodi

यशराज फिल्म ने `रब ने बना दी जोड़ी' बनाने की घोषणा कुछ समय पहले ही कर दी थी और शाहरुख खान को भी हीरो के रूप में पहले ही साइन किया जा चुका था। लेकिन शाहरुख की हीरोइन कौन हो इस बात का फैसला नहीं हो पा रहा था। अब शाहरुख की हीरोइन का फैसला हो गया है, जिसका नाम है अनुष्का शर्मा। अनुष्का की उम्र सिर्फ 19 साल है। बैंगलोर की रहने वाली अनुष्का पिछले साल ही लक्मे फैशन वीक के दौरान एक मॉडल के रूप में उभरी थीं।

बैंगलोर में ही इक्नोमिक्स में ग्रेजुएशन कर रही अनुष्का को वेन्डल रॉडरिक्स ने मॉडल के रूप में तराश कर अप्रैल, 2007 में मुम्बई में फैशन वीक के दौरान रैम्प पर उतारा तो लोग देखते ही रह गए। 5 फुट 9 इंच की अनुष्का में सबसे खास बात उसकी आँखें हैं। अनुष्का सिल्क एंड शाइन, विस्पर और फिएट पालियो के एड कर चुकी है। वह बचपन से मॉडल बनने का सपना देखती थी, पर शायद यह उसने कभी नहीं सोचा था कि वह हीरोइन बन जाएगी, वह भी इतनी जल्दी, वह भी यश चोपड़ा की फिल्म में और वह भी शाहरुख खान की। हालांकि, शाहरुख खान अनुष्का के सपनों का राजकुमार कभी नहीं रहा। अनुष्का को बॉलीवुड में यदि कोई पसन्द है तो वह है ऋतिक रोशन। यह बात पिछले साल अनुष्का ने खुद अपने फैशन शो के दौरान कही थी। अनुष्का ने यह भी कहा कि मैं हमेशा से मॉडल बनना चाहती थी, मैं खुद को कुछ और करता नहीं देख सकती।

गत 8 मई को अनुष्का के फाइनल होते ही `रब ने बना दी जोड़ी' की शूटिंग 16 मई से शुरू हो गई है और इसी साल 12 दिसम्बर को फिल्म रिलीज भी कर दी जाएगी। यह रोमांटिक फिल्म पंजाब की पृष्ठभूमि पर है। अनुष्का के बारे में यश चोपड़ा का कहना है- `हम एक ऐसी लड़की की तलाश में थे जिसमें पंजाब के एक छोटे कस्बे के होने की झलक मिल सके। हमने अनुष्का को देखा तो उसे अभिनय का अनुभव बिल्कुल नहीं था लेकिन उसमें कुछ ऐसी चिंगारी है जिस कारण वह शाहरुख की हीरोइन बनने के लिए फिट बैठती है।'

हालांकि, इस फिल्म के शुरू होने से शाहरुख की मुश्किलें और बढ़ जाएंगी क्योंकि वह पहले ही स्टार प्लस के शो `पांचवी पास' के साथ तो काफी व्यस्त हैं ही, साथ ही उनकी एक फिल्म `बिल्लू बारबर' की शूटिंग भी चल रही है। यूं यश चोपड़ा, शाहरुख की तारीखें पहले ले चुके थे लेकिन `रब ने बना दी जोड़ी' की शूटिंग टलती जा रही थी। यह देख शाहरुख ने कुछ और काम हाथ में ले लिए। ऐसे में शाहरुख कैसे मैनेज करेंगे यह तो वही जानें, लेकिन यश चोपड़ा की फिल्म और अपने द्वारा किए गए कमिटमेंट के लिए शाहरुख कुछ भी कर सकते हैं। यश और आदित्य चोपड़ा ने भी उन्हें इसीलिए फिर से चुना है कि शाहरुख के साथ रिस्क फैक्टर सबसे कम है। कभी शाहरुख यश चोपड़ा के सबसे प्रिय कलाकार हुआ करते थे, शाहरुख ने उनके बैनर में `डर', `दिल वाले...', `दिल तो पागल है', `मोहब्बतें' और `वीर जारा' जैसी कई हिट फिल्में की थीं। यूं `रब ने बना दी जोड़ी' से पहले यश चोपड़ा की तीन फिल्में रिलीज हो रही हैं, जिनमें `थोड़ा प्यार थोड़ा मैजिक' 27 जून को रिलीज हो चुकी है। कुणाल कोहली के निर्देशन में बनी इस फिल्म में सैफ और रानी हैं। कुणाल इससे पहले भी यशराज के लिए `फना', `हम तुम' और `मुझसे दोस्ती करोगे' जैसे फिल्में बना चुके हैं। इसके बाद 15 अगस्त को `बचना ऐ हसीनों' रिलीज होगी जिसमें रणबीर कपूर, दीपिका पादुकोण और बिपाशा हैं। इस फिल्म का निर्देशन उन सिद्धार्थ आनन्द का है जो यशराज के लिए इससे पहले `सलाम नमस्ते' और `तारा रम पम' बना चुके हैं।

यशराज की एक और फिल्म `रोड साइड रोमियो' 24 अक्तूबर को रिलीज करने की तैयारी है, जिसमें सैफ अली और करीना कपूर हैं। इस फिल्म का निर्देशन जुगल हंसराज ने किया है, लेकिन सबसे ज्यादा निगाहें `रब ने बना दी जोड़ी' पर ही रहेंगी। क्योंकि यह फिल्म तय करेगी कि यशराज बैनर का सूरज डूबेगा या चमकेगा।