विशेष श्रेणीइस लेख को |
एकता के महाभारत की अन्तर्कथा
बीस साल बाद एक बार फिर `महाभारत' धारावाहिक टीवी पर आ़ने को तैयार है। इस बार जहाँ इसका कैनवास पहले से बड़ा है वहीं यह पहले से ज्यादा भव्य भी होगा। इस बार इसका प्रसारण दूरदर्शन पर नहीं `नाइन एक्स' चैनल पर होगा और इसका निर्माण बीआर चोपड़ा नहीं एकता कपूर कर रही है। यह संयोग ही है कि पुराने `महाभारत' धारावाहिक के निर्माता बीआर चोपड़ा कभी टीवी मुगल कहलाते थे और नए `महाभारत' की निर्माता एकता कपूर कभी टीवी क्वीन कहलाती थी। पर अब दर्शक एकता कपूर के सास बहू धारावाहिक से जम कर बोर हो चुके हैं, तो एकता ने उस `महाभारत' पर दांव लगाया है जो अधिकांश फिल्मों और धारावाहिक की कहानियों के प्लॉट्स का जनक कहलाता है। `महाभारत' का प्रसारण 7 जुलाई से शुरू होगा। इसे रात 9 बजे के प्राइम टाइम में प्रसारित किया जायेगा। `नाइन एक्स' चैनल `महाभारत' को अपने ड्रीम प्रोजेक्ट और मोस्ट पॉवरफुल धारावाहिक के रूप में ले रहा है। हाल ही में `नाइन एक्स' ने सोनी और एनडीटीवी इमेजिन को पछाड़ते हुए मनोरंजन चैनल की दुनिया में `सर्वोच्च तीन' में अपनी जगह बना ली है। ज़ी टीवी और स्टार प्लस के बाद तीसरा स्थान पाने से नाइन एक्स जहाँ गदगद है, वहीं इतना उत्साहित भी है कि वह `महाभारत' के सहारे और भी ऊपर पहुँचना चाहता है। इधर इन दिनों एकता कपूर के कतार से प्लॉप होते धारावाहिकों के कारण उसके लिए भी `करो या मरो' की स्थिति है। यही कारण है कि एकता कपूर और नाइन एक्स की सीईओ इन्द्राणी मुखर्जी `महाभारत' धारावाहिक के लिए दिन-रात एक किए हुए हैं। एकता कपूर ने कुछ समय पहले एक समारोह में अपने `महाभारत' धारावाहिक की ओर इशारा करते हुए कहा था- `मेरे अब तक के तमाम धारावाहिक एक तरफ और यह एक तरफ।' इन्द्राणी मुखर्जी भी कहती हैं- हमारे इस `महाभारत' धारावाहिक में सबसे बड़े टीवी स्टार काम कर रहे हैं। इतनी बड़ी कहानी और इतने बड़े स्टारों का मेल टीवी पर मिलना मुश्किल ही है। हमने इसके निर्माण के लिए सबसे बड़े प्रोडक्शन हाउस से नाता जोड़ा है और इसके निर्माण में बजट में कोई कमी नहीं रखी है, जिससे यह एक महाधारावाहिक बन सके। सूत्रों के अनुसार- नाइन एक्स ने एकता कपूर को सिर्फ कॉस्ट्यूम, जूलरी और धारावाहिक में दिखाए जाने वाले हथियारों के लिए ही चार करोड़ रुपए अलग से दिए हैं। धारावाहिक की शूटिंग भी मुम्बई तक ही सीमित न रख कर लद्दाख और जयपुर जैसे और भी स्थानों पर की गई है। जब कि पिछले दिनों एनडीटीवी इमेजिन ने `रामायण' का प्रसारण किया तो जहाँ इसे फिर से उन्हीं रामानन्द सागर परिवार से बनवाया जिन्होंने पहले `रामायण' बनाई थी वहीं इसका नाम फिर से `रामायण' ही रखा और इसकी शूटिंग भी उसी उमर गांव स्टूडियो में की जा रही है, जहाँ इक्कीस साल पहले पुराने `रामायण' धारावाहिक की हुई थी। हालांकि इस नई `रामायण' के कलाकारों के रूप में नए चेहरे लिए गए हैं जिससे वे कलाकार सिर्फ उन्हीं चरित्रों के रूप में पहचाने जाएं जो वे धारावाहिक में निभा रहे हैं। बीआर चोपड़ा के `महाभारत' सीरियल में भी अधिकांश कलाकार नए थे। पर `नाइन एक्स' के इस `महाभारत' में ज्यादातर उन्हीं कलाकारों को लिया गया है जो एकता कपूर के विभिन्न धारावाहिकों से लोकप्रियता पा चुके हैं। उधर, एकता कपूर कहती हैं- `मैंने अपनी ज्योतिष मित्र सुनीता मेनन की सलाह पर `महाभारत' का नाम `कहानी हमारे महाभारत की' रखा है, जिसमें मेरा लकी `के' फैक्टर भी आ गया है। नाइन एक्स चैनल के प्रचार प्रमुख पवन चावला कहते हैं- `जब तक हमारा `महाभारत' धारावाहिक लांच नहीं हो जाता तब तक हम इसके किसी भी दृश्य का कोई वीडियो या फोटो जारी नहीं करेंगे। फिलहाल धारावाहिक का प्रोमो जारी किया गया है, जिसमें चट्टान, बालू रेत और आकाश को दिखाकर `महाभारत' का संकेत दिया है। इसी प्रकार प्रोमो में मछली, आंख, द्रौपदी की साड़ी, धनुष, गदा, चक्र, रथ का पहिया और भीष्म पितामह का बाणों से छलनी होना और गीता संदेश वगैरह दिखाकर `महाभारत' का सार दिखा दिया है। धारावाहिक के कलाकारों के लिए भी काफी मशक्कत की गई है। उनमें सबसे दिलचस्प जोड़ी ओम और पार्वती की है। `कहानी घर-घर की' की यह जोड़ी `कहानी हमारे महाभारत की' में भी फिर से पति-पत्नी की भूमिका में है। पार्वती भाभी यानी अभिनेत्री साक्षी तंवर `महाभारत' में गंगा का रोल कर रही है और ओम यानी अभिनेता किरण करमाकर उसके पति शांतनु का रोल। गंगा और शांतनु के पुत्र भीष्म पितामह की भूमिका मिस्टर बजाज और मिहिर के रूप में लोकप्रिय हुए रोनित राय कर रहे हैं। द्रौपदी जैसे सशक्त किरदार के लिए एकता ने अपनी परम मित्र अनिता हंसानदानी को लिया है, जो एकता के `काव्यांजलि' और `क्योंकि...' जैसे धारावाहिकों और एकता की फिल्मों में हिरोइन भी बन चुकी है। एकता ने उसका नाम अनिता से नताशा रख दिया था, पर अब वह अपने पुराने नाम के साथ आ रही है। बहरहाल, एकता के `कसम से' और `क्योंकि...' जैसे धारावाहिक में काम कर चुके एक्टर राम कपूर `महाभारत' में धृतराष्ट्र बने हैं और `कयोंकि...' में कर्ण की भूमिका करने वाले हितेन `महाभारत' धारावाहिक में भी कर्ण की भूमिका कर रहे हैं। `क्योंकि...' में अंश का रोल कर चुके आकाशदीप सहगल कंस मामा का रोल कर रहे हैं और `कहानी घर-घर की' में साशा का किरदार कर चुके चेतन हंसराज यहाँ भीम की भूमिका में हैं, जबकि दुर्योधन की भूमिका में आर्यन वैद हैं। अर्जुन के पॉवरफुल रोल में हैं हर्षद चोपड़ा। थिएटर और फिल्म एवं टीवी आर्टिस्ट मकरंद देशपांडे `महाभारत' में वेद व्यास के रूप में नजर आएंगे। इन भूमिकाओं के लिए कलाकारों के चयन में एकता कपूर और उनकी क्रिएटिव टीम बदलाव भी करती रही। द्रौपदी के लिए एक्ट्रेस गौरी प्रधान का नाम भी था जो नंदिनी के रूप में मशहूर है और हितेन की पत्नी भी है। साथ ही राम कपूर की पत्नी गौतमी कपूर का भी जिसे एकता ने `क्योंकि...' में स्मृति की जगह तुलसी बनाकर भेजा था। ऐसे ही आकाशदीप को पहले दुर्योधन बनाने की बात थी और शब्बीर आहलूवालिया को अर्जुन। उधर एकता कपूर रोनित राय, हितेन, हर्षद चोपड़ा और चेतन हंसराज को स्टंट सीन सिखाने, फिट और तरोताजा रहने और तलवारबाजी सिखाने के लिए स्पेशल ट्रेनिंग दी गई है। इसके लिए एक ओर प्रशांत सावंत को लिया है, जिसने फिल्म `ओम शांति ओम' में शाहरुख खान को सिक्स पैक्स के साथ तैयार किया था। दूसरी ओर एक्शन के लिए अमर शेट्टी को लिया है जिसके लिए इन प्रमुख कलाकारों को दो महीने की खास ट्रेनिंग दी गई है। एकता ने इन सभी कलाकारों को साफ कह दिया कि मुझे आप सबकी बॉडी टोन्ड और सॉलिड चाहिए। `कहानी हमारे महाभारत की' को पहली बार हाई डेफिनेशन, यानि एचडी धारावाहिक के रूप में पेश किया जा रहा है। इससे इसकी `टेलीकास्ट क्वालिटी' और भी ज्यादा निखर कर आएगी। महाभारत को देश के पहले एचडी धारावाहिक होने का दावा भी पेश किया जा रहा है। दूसरी ओर इन दिनों गर्दिश में चल रहा स्टार प्लस भी अपने चैनल पर `महाभारत' धारावाहिक शुरू करने की तैयारी में हैं। इसे `चाणक्य' धारावाहिक के निर्माता-निर्देशक चन्द्रप्रकाश द्विवेदी से बनवाने की बात थी। पर सुना जा रहा है कि स्टार इसे जल्दबाजी में बनवाकर `नाइन एक्स' के `महाभारत' से पहले शुरू करना चाहता था मगर द्विवेदी इसे आराम से बनाना चाहते थे। इस कारण चन्द्रप्रकाश के इस प्रोजेक्ट से अलग होने की खबर भी आई, लेकिन चैनल `स्टार प्लस' अभी तक अपने `महाभारत' पर चुप्पी साधे है। |
|