Akshay Kumar in the New Serial Fear Factor

खतरों के खिलाड़ी अक्षय कुमार अब टी.वी. पर भी अपने करतब दिखाते नज़र आ रहे हैं। वे थाइलैंड की ऊंची-ऊंची इमारतों से छलांग लगाते तथा सड़कों पर खतरनाक ढंग से स्केटिंग करते दिखाई पड़ रहे हैं। टी.वी. पर प्रसारित किये जा रहे शो `फियर फैक्टर खतरों के खिलाड़ी' के लिये फिल्माए गये ये सीन रोमांचकता या भव्यता में किसी भी तरह से बॉलिवुड की किसी फिल्म के सीन से कम नहीं हैं।

कलर्स के मार्केटिंग हेड रमीत अरोरा के अनुसार - `फियर फैक्टर खतरों का खिलाड़ी' सबसे अलग है। इसके लिये शूट किये गये सीन इससे पहले छोटे पर्दे पर कभी नहीं दिखाए गए। इन्हें हम बड़े और छोटे पर्दे का अनोखा समन्वय मान सकते हैं। वह भी खिलाड़ियों के खिलाड़ी अक्षय कुमार के साथ, जो यहाँ खतरों के खिलाड़ी के रूप में नज़र आयेंगे।

इस बारे में शो के होस्ट अक्षय कुमार कहते हैं- इस शो की शुरुआत बैंगकॉक से हुई। सच मानिये, थाइलैंड की सबसे ऊँची दो इमारतों के बीच से स्केट बोर्ड पर स्केटिंग करना एक यादगार अनुभव बनकर रह गया। इस शो में आप मेरे साथ इन लोमहर्षक कारनामों का पूर्ण आनंद उठा सकते हैं।

निर्देशक कुणाल कपूर बताते हैं- इस शो का केन्द्र स्टंट सीन ही हैं, जिसका दर्शक खुल कर मजा लेंगे। एक सीन में तो अक्षय कुमार थाइलैंड की सबसे ऊँची इमारत की छत से जुड़े केबल वायर पर स्केट करते दिखाए गये हैं।

`फियर फैक्टर, खतरों का खिलाड़ी' शो में खेल को शारीरिक और मानसिक स्तर की ऊंचाइयों पर ले जाया गया है। स्टंटबाजी और करतबों के अतिरिक्त इस शो में एक और आकर्षण दर्शकों को लुभाएगा। शो में बॉलीवुड की 13 सुन्दरियाँ- याना गुप्ता, अदिती, गोवत्रिकर, पूजा बेदी, सोनाली कुलकर्णी, अनीता हंसननदानी, मेघना नायुडू, टापुर चैटर्जी, टुपुर चैटर्जी, नेत्रा रघुरामन, अंजना सुखानी, दिपानिता शर्मा, विद्या माल्वदा तथा उर्वशी शर्मा भी दर्शकों का मनोरंजन करने आ रही हैं।