जलवायु और ऊर्जा संबंधी मुद्दे उठायेगा भारत
भारत ने आज कहा कि वह समूह आठ शिखर सम्मेलन में अंतर्राष्ट्रीय समुदाय के समक्ष अपनी यह बात पेश करेगा कि जलवायु परिवर्तन, ऊर्जा सुरक्षा और खाद्य सुरक्षा के मुद्दे आपस में जुड़े हैं और उसके लिए समेकित रूख अपनाने की ज़रूरत है। अपनी जापान रवानगी के अवसर पर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा कि विकसित देशों के शिखर सम्मेलन में वह वैश्विक मुद्दों की व्यापक श्रृंखला पर भारत का परिप्रेक्ष्य पेश करेंगे। इनमें विश्व अर्थव्यवस्था की स्थिति, विकास व्यापार, प्रौद्योगिकी हस्तांतरण, ऊर्जा सुरक्षा और खाद्य सुरक्षा शामिल हैं। मनमोहन ने कहा, `मैं खास तौर पर वैश्विक अर्थव्यवस्था पर ईंधन की कीमतों में ज़बर्दस्त इज़ाफे और तेल उत्पादक एवं उपभोक्ता देशों दोनों की तरफ से संयुक्त कार्रवाई की ज़रूरत उजागर करूँगा।' प्रधानमंत्री ने कहा कि समूह आठ के नेताओं से मुलाकात से पहले वह `आउटरीच' देशों के समूह ओ-5 की बैठक में शिरकत करेंगे, जिसकी मेजबानी मेक्सिको के राष्ट्रपति कर रहे हैं। मनमोहन ने अपने बयान में कहा कि विगत के वर्षों में जी 8-ओ-5 प्रक्रिया में भारत ने जो भागीदारी निभाई है, उससे वह मुद्दों की एक व्यापक श्रृंखला पर समानता के आधार पर और बिना किसी लाग-लपेट के अपने विचारों को अभिव्यक्त करने में समर्थ बना है। प्रधानमंत्री ने कहा, `आज भारत के विचार सम्मान से सुने जाते हैं और इस हकीकत को मान्यता देने की ज़रूरत है कि वैश्विक मुद्दों के हल के लिए भारत की भागीदारी ज़रूरी है।' मनमोहन ने कहा कि वह प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के नेताओं की बैठक में भी हिस्सा लेंगे, जिसमें जलवायु परिवर्तन के मुद्दे पर चर्चा होगी। प्रधानमंत्री ने अपने बयान में कहा कि भारत के दृष्टिकोण से `विकासशील अर्थव्यवस्थाओं की विकास से जुड़ी हुई आवश्यकताओं पर ध्यान दिए बगैर `जलवायु परिवर्तन के मुद्दे' का कोई हल नहीं हो सकता है।' मनमोहन ने कहा, `हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता, गरीबी उन्मूलन करने की है जिसके लिए हमें अनवरत और त़ेज आर्थिक विकास की ज़रूरत है।' प्रधानमंत्री ने कहा कि जापान के प्रधानमंत्री के साथ ही ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, चीन, इंडोनेशिया, मेक्सिको, कोरिया, गणराज्य रूस और अमेरिका के नेताओं और संयुक्त राष्ट्र महासचिव समेत वहाँ मौजूद कुछ अन्य नेताओं के साथ उनकी द्विपक्षीय मुलाकात होगी। मनमोहन ने कहा कि कल से शुरू होने वाले समूह आठ के शिखर सम्मेलन से इतर, ब्राजील, रूस, भारत, चीन (ब्रिक) नेताओं की एक अनौपचारिक बैठक हो रही है। वह उसमें भी शिरकत करने के उत्सुक हैं। बुकमार्क किजिए
|
|