विशेष श्रेणीइस लेख को |
लव स्टोरी - 2050 - फिल्म समीक्षा
कलाकार - हरमन बावेजा, प्रियंका चोपड़ा, बोमन ईरानी, गुलशन ग्रोवर संगीत - अनु मलिक - हैरी बावेजा निर्देशन - हैरी बावेजा केवल ऋतिक रोशन का हमशक्ल होने से निर्माता-निर्देशक हैरी बावेजा का बेटा हरमन हिन्दी फिल्म दर्शकों को पसंद आ सकेगा? यदि वह `लव स्टोरी 2050' जैसी फिल्मों में आयेगा, तो शायद संभावना कम होगी। क्योंकि अनेक पहलुओं से यह फिल्म निराशाजनक और शायद लंबाई के कारण कुछ उबाऊ-सी लगती है। हैरी बावेजा ने विज्ञान विषय को लेकर यह फिल्म बनाई है, परंतु यह किसी के पल्ले नहीं पड़ती। ऑस्ट्रेलिया में रहने वाले युवक हरमन बावेजा के पिता को अपने बेटे का बिल्कुल ही ख्याल नहीं है। बेटा पढ़ाई-लिखाई कुछ नहीं करता है, सिर्फ अपनी मृत माँ से बातें करता रहता है। एक दिन उसे तितलियों के पीछे दौड़ने वाली प्रियंका चोपड़ा दिखाई देती है। साइकल की रेस में जीतकर हरमन उसे प्रभावित करता है और दोनों एक-दूसरे से प्यार करने लगते हैं। अचानक सड़क हादसे में प्रियंका की मृत्यु हो जाती है। फिल्म की कहानी करवट बदलती है। वैज्ञानिक बोमन ईरानी ने टाईम मशीन का आविष्कार किया है, जिसका सहारा लेकर हरमन वर्ष 2050 में जा पहुंचता है। वह अपनी प्रियतमा प्रियंका को उसके नये जन्म में ढूंढने का प्रयास करता है। हैरी बावेजा का आधुनिक विज्ञान पुनर्जन्म को निसंकोच मानता है, यह देखकर भारतीय दर्शक कुछ खुश हो सकते हैं, लेकिन फिल्म जिस राह पर चलने लगती है, वह शायद ही दर्शकों को पसंद आये। प्रियंका अपने नये जन्म में पॉप सिंगर जायेषा बनती है। हरमन उसे अपनाने की कोशिश करने लगता है, लेकिन शैतानी दिमाग वाला 2050 वर्ष का वैज्ञानिक गुलशन ग्रोवर टाईम मशीन को हासिल करने के लिए षड्यंत्र रचता है, जिससे हरमन अपने प्रयत्न में असफल हो जाता है। क्या हरमन अपनी पुनर्जन्म लेने वाली प्रेयसी के साथ 2050 में रुकता है? या उसे वापिस 2008 में ले आता है, यह प्रश>> अनुत्तरित रहते हैं। विज्ञान विषय पर बनी फिल्म के लिए भविष्य की कल्पना की उड़ान अत्यावश्यक होती है, जिसका अभाव फिल्म में बार-बार अखरता है। हवा में उड़ने वाली मोटर गाड़ियों और धातुओं के वस्त्र तथा दो-चार रोबों को दिखाने में ही हैरी की सृजनशीलता व कल्पना दिखाई देती है। कैमरा तथा सेट उत्तम बने हैं और तकनीक भी उच्च स्तरीय है, लेकिन हरमन बावेजा का अभिनय और फिल्म का संगीत कुछ मन को नहीं जंचता है। प्रियंका ठीक लगती है। अपनी दिलचस्पी बनाये रखने के लिए दर्शकों को इस बात पर ध्यान देना चाहिए कि कैसे और कब हरमन बावेजा ऋतिक की नकल करता है। |
|