हर किसी की कोई न कोई हॉबी होती है। रोजी-रोटी कमाने के अलावा हर किसी का कोई न कोई ऐसा शौक होता है, जिसके लिए वह कभी-कभार ही सही पर समय निकालता है। फिर चाहे उसका समय कितना ही कीमती क्यों न हो। लेकिन आम लोगों की हॉबीज़ पर किसी का ध्यान नहीं जाता। जबकि सेलिब्रिटीज़ की हॉबी हर किसी को मालूम होती है। ये मिलियन डॉलर हॉबी होती हैं। चूंकि इनके समय की कीमत बहुत होती है, इनकी लोकप्रियता बहुत होती है, इसलिए इनकी हॉबी भी ध्यान आकर्षित करती है। कई बार लोग जिस वजह से मशहूर होते हैं, जिस वजह से उन्हें पूरी दुनिया जानती है, उनके लिए सुख का एहसास, आनंद का रोमांच उससे अलग होता है। लेकिन वह अपनी लोकप्रियता और उपलब्धि के दायरे में इस कदर फंसे होते हैं कि उन्हें अपनी वास्तविक सुकून देने वाली हॉबी के लिए वक्त ही नहीं होता। फिर भी ऐसे ख्यातिनाम लोग बीच-बीच में बिल्कुल अपने अंतरंग दोस्तों, परिजनों के साथ अपनी इन हॉबीज के लिए वक्त निकाल ही लेते हैं। यहां ऐसे ही कुछ लोगों का जिक्र किया जा रहा है। Bollywood Super Star Amitabh Bachan

अमिताभ बच्चन

भारतीय सिनेमा के सर्वकालिक सुपरस्टार और मिलेनियम स्टार अमिताभ बच्चन की भी कुछ बिल्कुल ही निजी रुचियां हैं। हालांकि उनकी अब तक कुछ छिटपुट कविताएं ही सामने आयी हैं, लेकिन उनके अंतरंग दोस्त और परिजन बताते हैं कि बिग बी को जब भी फुर्सत मिलती है, वह हिंदी और अंग्रेजी में कविताएं लिखते हैं। बिल्कुल स्वांतसुखाय। गार्डेनिंग भी बिग बी की एक बड़ी हॉबी है। घर में तमाम नौकरों और माली के बावजूद वह अगर मुंबई में होते हैं तो इतवार के दिन अपने बंगले के गार्डेन की सुबह दो घंटे तक काट-छांट और साफ-सफाई जरूर करते हैं। भले उनका एक घंटा कई लाख रुपये का हो, लेकिन अपने गार्डेन में उगी खर-पतवार को निकालने में यह कीमती समय जाया करते हुए उन्हें कतई चिंता नहीं होती।

Melody Queen Lata Mangeshkar

लता मंगेशकर

भारत कोकिला लता मंगेशकर सिर्फ हिंदुस्तान में ही नहीं पूरे उपमहाद्वीप में स्वर कोकिला के रूप में जानी जाती हैं। उनकी प्रशस्ति में न जाने कितने कमेंट और कितनी टिप्पणियां की जा चुकी हैं। हालांकि दूसरों की तरह वह भी संगीत की शौकीन हैं और यह इसलिए भी स्वाभाविक है, क्योंकि बचपन से घर का पूरा माहौल ही संगीतमय रहा है। लेकिन यह बहुत कम लोगों को पता है कि लता जी को कुकिंग का बेहद शौक है। अपने घर आये मेहमानों को वह खासतौर पर अपने हाथ का खाना खिलाना पसंद करती हैं। लता मंगेशकर की एक और हॉबी के बारे में ज्यादा लोगों को पता नहीं होगा। वह है उनका दीवानगी की हद तक क्रिकेट प्रेम। वह क्रिकेट के हर फॉर्मेट की दीवानी हैं चाहे वह वन डे हो या टेस्ट मैच। ट्वेंटी-20 का फॉर्मेट भी उन्हें खूब पसंद आ रहा है। जब क्रिकेट का विश्वकप होता है तो लता जी अक्सर उस दौरान के अपने तमाम कार्यक्रमों को या तो रद्द कर देती हैं या बहुत सीमित कर देती हैं। खासकर जिस दिन भारत का मैच हो, उस दिन तो वह किसी भी तरह का कोई रिस्क नहीं लेतीं। पूरी तरह से मैच को इंज्वाय करती हैं। वह क्रिकेट विश्वकप के दौरान जीतकर आने पर भारतीय टीम के लिए तोहफे और ईनाम की भी कई बार घोषणा करती हैं। यह अलग बात है कि जब से उन्होंने क्रिकेट में इस कदर दिलचस्पी दिखायी है भारतीय टीम कभी भी वर्ल्डकप नहीं जीत पायी।

Bollywood Superstar Shahrukh Khan

शाहरुख खान

यूं तो किंग खान की बहुत-सी चीजों में दिलचस्पी है। मगर वह वीडियो गेम के दीवाने हैं और इस बारे में किसी से किसी तरह की कोई राय या सीख नहीं लेना चाहते। जिद्दी शाहरुख हर दिन सोने से पहले एक से डेढ़ घंटे तक वीडियो गेम खेलते हैं। यही नहीं अक्सर उनके इस शौक में r उनका बेटा आर्यन भी साझीदारी करता है। शाहरुख खान की एक और हॉबी है। वह अगर मुंबई में होते हैं तो अक्सर अपने बच्चों के लिए न सिर्फ वह सुबह नाश्ता बनाते हैं बल्कि उन्हें स्कूल तक छोड़कर आते हैं।

Master Blaster Sachin Tendulkar

सचिन तेंदुलकर

मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर को पूरी दुनिया एक महान बल्लेबाज के रूप में जानती है। लेकिन उनका परिवार और उनके अंतरंग दोस्त उन्हें एक महान कुक के रूप में भी जानते हैं। खाने के शौकीन तेंदुलकर खुद भी बहुत अच्छा खाना बनाते हैं। बटर चिकन बनाने में तो उन्हें महारत हासिल है। उनके एक अंतरंग दोस्त विनोद काम्बली के मुताबिक सचिन जितनी बढ़िया रत्नागिरी फिश करी बनाते हैं, उतनी स्वादिष्ट फिश करी उन्होंने आज तक किसी भी बड़े से बड़े होटल में नहीं खायी। सचिन अक्सर क्रिकेट टूर के चलते घर से बाहर रहते हैं। मगर जब भी वह घर में होते हैं और रिलैक्स के मूड में होते हैं तो शाम को रसोई का जिम्मा वही संभालते हैं।

Indias Former Prime Minister and BJP Leader Atal Bihari Vajpai

अटल बिहारी वाजपेयी

पूर्व प्रधानमंत्री, भारत के शीर्ष नेताओं में से एक अटल बिहारी वाजपेयी यूं तो जवानी में कदम रखने के साथ ही राजनीति में आ गये थे और उनकी पूरी ज़िंदगी राजनीति में ही गुजरी है। वह लम्बे समय तक भारतीय जनता पार्टी के मुखिया रहे हैं और आज भी भाजपा के सैद्धांतिक शीर्ष नेता हैं।

दिन-रात राजनीति, कूटनीति, जोड़-तोड़, उठा-पटक, सत्ता, प्रतिपक्ष इन सब बातों और माहौल के बीच रहने के बावजूद वाजपेयी मूलत कवि हैं और साहित्य के रसिकमिजाजों में उनकी गिनती होती है। साहित्य की ही तरह वह खान-पान में भी दिलचस्पी रखते हैं और ऐसे खान-पान में, जिसे स्वास्थ्य के लिहाज से बहुत बेहतर नहीं समझा जाता। मसलन, वाजपेयी को चाट-पकौड़े बहुत पसंद हैं। किसी पार्टी में वह जाएं और वहां गोलगप्पे न खाएं, ऐसा हो ही नहीं सकता। यहां तक कि कई बार स्वास्थ्य संबंधी हिदायतों के बावजूद वह खाने-पीने और साहित्यिक मजमे की अपनी हॉबी के लिए हर तरह की हिदायतों को नजरंदाज कर देते हैं।

राहुल बोस

गंभीर अभिनेता, सामाजिक कार्यकर्ता, साहित्य में रुचि रखने वाले और चर्चित ब्लॉगर। ऐसे राहुल बोस की मिलियन डॉलर हॉबी रग्बी है। रग्बी में वह इंडियन नेशनल टीम का भी प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। वह आज भी ऑरेंज इंडियन रग्बी टीम से खेलते हैं। इसके लिए वह छुट्टियां भी लेते हैं। गौरतलब है कि एक जमाने में राहुल एक विज्ञापन कंपनी में क्रिएटिव डायरेक्टर भी रह चुके हैं। फिर उन्होंने फिल्मों में भी क्रिएटिव डायरेक्टर का काम संभाला, फिर एक्टर बने, बाद में डायरेक्टर भी बने। लेकिन रग्बी उनका प्रोफेशन नहीं, उनकी हॉबी है।

मिलियन डॉलर हॉबी वाली यह सूची बहुत लम्बी है, जिसमें अगर सिर्फ सेलिब्रिटीज़ के नाम ही शामिल किए जायें तो भी दर्जनों पेज भर जायेंगे फिर भी बात पूरी न होगी। कुछ और नामचीन सेलिब्रिटीज़ जो अपनी रोजी-रोटी के इतर अपने शौक के लिए अपने पेशे से कुछ हटकर करते हैं, उनमें सैफ अली खान गिटार बजाते हैं और कई बार किसी प्रोफेशनल बैंड के गिटारिस्ट का भी काम करते हैं। प्रियंका चोपड़ा को गाने का शौक है और पिछले दिनों उनका अपने पापा के साथ एक अलबम भी आया है। यही नहीं वह अपने पापा के साथ कई प्रोग्राम भी दे चुकी हैं। इसी तरह सलमान खान को पेंटिंग का शौक है। अक्षय कुमार को मार्शल आर्ट का बेहद शौक है। अपनी बड़ी बहन की तरह आशा भोंसले भी कुकिंग की दीवानी हैं। जूही चावला बाथरूम सिंगर हैं। बिपाशा बसु किक बॉक्सर हैं। डिम्पल कपाड़िया तरह-तरह की मोमबत्तियां बनाती हैं। रवीना टंडन को कपड़ों को डिजाइन करने का शौक है तो हेमा मालिनी और उनकी बेटी ईशा देओल को भारतनाट्यम का जुनून है।