हज हाउस की तर्ज़ पर अमरनाथ हाउस बने : ठाकरे
शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे ने मुसलमानों के लिए हज हाउस की तर्ज पर मुंबई में हिन्दुओं के लिए `अमरनाथ हाउस' या `वैष्णोदेवी हाउस' बनाने की माँग की है। शिवसेना के मुखपत्र ` सामना' में ठाकरे ने लिखा है `हम यह माँग सभी हिंदुओं के लिए कर रहे हैं।' `सामना' के संपादकीय में ठाकरे ने लिखा है `मुसलमानों के लिए कई निगम बनाए गए हैं। अब अमरनाथ और वैष्णोदेवी जाने वाले तीर्थयात्रियों के कल्याण के लिए निगम बनाओ।' महाराष्ट्र में विलासराव देशमुख के नेतृत्व वाली सरकार की धर्मनिरपेक्षता के सवाल पर ठाकरे ने लिखा है कि देशमुख की धर्मनिरपेक्षता तब सच्ची मानी जाएगी जब मुसलमानों को छूट के साथ हिंदुओं को भी लाभ मिले। सामाजिक कार्यकर्ता तीस्ता सीतलवाड के बारे में ठाकरे ने लिखा है `यदि वह इतनी अधिक धर्मनिरपेक्ष हैं तो उन्हें कश्मीर जाकर हिन्दू पंडितों के साथ अन्याय के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करना चाहिए।' |
|