करार पर रोकें कदम - भाजपा
भाजपा ने आज माँग की कि वाम दलों द्वारा समर्थन वापस लेने से `अल्पमत में आई सरकार' संसद में विश्वास मत हासिल करने तक परमाणु करार पर हरगिज आगे नहीं बढ़े। वाम दलों द्वारा समर्थन वापस लेने की घोषणा से उत्पन्न परिस्थितियों का जायजा लेने के लिए पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह द्वारा लालकृष्ण आडवाणी के निवास पर बुलाई गई भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की विशेष बैठक में इस आश्य का प्रस्ताव भी पारित किया गया। बैठक के बाद पार्टी प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने यहाँ संवाददाताओं से कहा, `61 सांसदों की ताकत वाले वाम दलों द्वारा समर्थन वापस लेने से सरकार अल्पमत में आ गई है। इसलिए मनमोहन सिंह सरकार को संसदीय मर्यादाओं का आदर करते हुए संसद का आपातकालीन सत्र तुरंत बुलाकर विश्वास मत हासिल करना चाहिए।' प्रस्ताव में कहा गया `विश्वास मत हासिल करने तक मनमोहन सरकार को परमाणु करार पर चर्चा को आगे बढ़ाने का कोई भी राजनीतिक और नैतिक अधिकार नहीं है।' सरकार द्वारा 11 अगस्त को संसद का मानसून सत्र बुलाने के फैसले पर प्रसाद ने कहा, `11 अगस्त बहुत लंबी अवधि है। अल्पमत में आने पर इतना लंबा समय खींचना उचित नहीं है। जल्द से जल्द आपातकालीन सत्र बुलाया जाए।' बुकमार्क किजिए
इस लेख से सम्बंधीत |
|