मोदी को वीजा न देने की अपील
एक अमेरिकी सांसद ने गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी पर धार्मिक स्वतंत्रता के अधिकारों का हनन का आरोप लगाते हुए विदेश विभाग से कहा है कि उन्हें वीजा जारी नहीं किया जाना चाहिए। अमेरिकी कांग्रेस की सदस्य बेट्टी मैक्कोलम ने विदेश-मंत्री कोंडाल़िजा राइस को लिखे एक पत्र में कहा है, `नरेंद्र मोदी को व़ीजा जारी करना अंतर्राष्ट्रीय कानून के मद्देऩजर असंगत होगा और यह केवल मुख्यमंत्री की नफरत पैदा करने वाली नीतियों और कार्यों को मान्यता देने वाला होगा।' 3 जुलाई, 2008 को लिखे गये पत्र में कहा गया है, `मोदी को अमेरिका में प्रवेश के लिए व़ीजा नहीं दिये जाने से न केवल कानून का पालन होगा, बल्कि इससे यह महत्वपूर्ण संदेश भी जाएगा कि मोदी के निंदनीय बयान, नीतियाँ और कार्य अमेरिकी कानून और मान्यताओं के खिलाफ हैं।' मैक्कोलम मिनेसोटा से डेमोक्रेट सांसद हैं। वह प्रतिनिधि सभा की विनियोजन मामलों की उप-समिति तथा राष्ट्रीय सुरक्षा एवं विदेशी मामलों की एक अन्य महत्वपूर्ण उप-समिति की सदस्य हैं। |
|