मेंडोजा बनीं मिस यूनीवर्स
वेनजुएला की डायना मेंडोजा वर्ष 2008 का मिस यूनीवर्स का खिताब जीत कर ब्रह्मांड की इस साल की सबसे खूबसूरत महिला बन गयी है। वियतनाम में खूबसूरत वादियों वाले रिसार्ट शहर ना त्रांग सिटी में हुई मिस यूनीवर्स प्रतियोगिता में डायना ने अस्सी देशों से आयी अन्य सुन्दरियों को पछाड़ते हुए अपने सौंदर्य का डंका बजाया। पिछले साल की मिस यूनीवर्स जापान की रियो मोरी ने डायना को ब्रह्मांड सुंदरी का रत्नजडित बेशकीमती ताज पहनाया। आत्मविश्वास से लबरेज 22 साल की डायना आज यहाँ ब्रह्मांड सुन्दरी के 57वें खिताब से नवाजे जाने पर खुशी के आँसू न रोक सकीं। बाद में खबरनवीसों से बातचीत में भी डायना ने अपनी भावनाओं का इजहार करते हुए कहा मैं बेहद खुश हूँ और मेरी आँखों से छलकते आँसू इस खुशी को बयाँ कर रहे हैं। लगभग साढ़े सात हजार लोगों ने अप्रतिम सौंदर्य की नुमाइश का लुत्फ उठाते हुए इस हसीन शाम के गुलजार होने का हिस्सा बनने का गौरव हासिल किया। वहीं दूसरी ओर दुनिया भर के एक अरब से ज्यादा लोगों ने टेलीविजन पर ही मिस यूनीवर्स प्रतियोगिता के फाइनल राउंड का सजीव प्रसारण देखा। इंटीरियर डिजायनिंग का कोर्स कर रही डायना के लिए मॉडलिंग जिंदगी का शगल है। डायना ने प्रतियोगिता के अंतिम दौर में चार लातिन अमेरिकी प्रतिभागियों के साथ प्रवेश किया था। खिताबी दौड़ में डायना अव्वल रहीं और कोलंबिया की 20 वर्षीया तालियाना वार्गस दूसरे पायदान पर रहीं। इस साल की प्रतियोगिता के लिए सबसे सुकून की बात इसका बिना किसी विघ्न बाधा के सम्पन्न होना रहा। जबकि पिछले साल मेक्सिको में आयोजित मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता को भारी विरोध प्रदर्शन का सामना करना पड़ा था। खिताब जीतने की यादगार खुशी अपने परिवार के साथ बिताने के बाद डायना अगला पूरा साल विश्व भ्रमण कर सामाजिक मुद्दों पर चर्चा करेंगी। डायना ने कहा घर पहुँचते ही मेरा पूरा परिवार खुशी से झूम उठेगा फिर मैं अपनी माँ के हाथ का बना खाना खाऊँगी। भारत के लिए इस साल का परिणाम भी निराशाजनक रहा। प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहीं मिस इंडिया यूनीवर्स सिमरन कौर अंतिम 15 में भी स्थान नहीं बना सकी। |
|