विशेष श्रेणीइस लेख को |
मानेकशा को `भारत रत्न' की माँग
रक्षा-मंत्री और तीनों सैन्य प्रमुखों की मौजूदगी में आज सेना के सेवानिवृत्त अधिकारियों की ओर से फील्ड मार्शल सैम मानेकशा को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से अलंकृत किए जाने की माँग की गयी। देश के इस महान सैनिक के लिए आयोजित की गयी स्मृतिसभा में रक्षा-मंत्री ए. के. एंटनी, सेना प्रमुख जनरल दीपक कपूर, नौसेना प्रमुख एडमिरल सुरीश मेहता और वायु सेना प्रमुख एयरचीफ मार्शल फली होमी मेजर मौजूद थे। पूर्व सेना प्रमुख जनरल जे. जे. सिंह और लेफ्टीनेंट जनरल जे. एफ आर. जैकब भी स्मृतिसभा में हिस्सा लेने आए। सभा को सम्बोधित करते हुए लेफ्टीनेंट जनरल दीपेंद्र सिंह ने कहा `मैं रक्षा-मंत्री से आग्रह करता हूँ कि फील्ड मार्शल मानेकशा को भारत रत्न से विभूषित किया जाए।' रक्षा-मंत्री से जब इस माँग के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा `हम फील्ड मार्शल से जुड़ी भावनाओं को समझते हैं और उनकी उपलब्धियों का हर कोई आदर करता है।' रक्षा-मंत्री ए. के. एंटोनी ने फील्ड मार्शल सैम मानेकशा को भारत रत्न देने के मामले में स्पष्ट तौर पर कुछ भी नहीं कहा, लेकिन उन्होंने बताया कि सरकार इस महान सेनानायक के प्रति देश की संवेदनाओं से अवगत है। `हम फील्ड मार्शल से जुड़ी भावनाओं से अवगत हैं और उनकी उपलब्धियों का हम सब सम्मान करते हैं। हमें इस सबके बारे में जानकारी है।' एंटोनी मानेकशा को सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न देने पर सरकार के रुख से संबंधित एक प्रश्न का जवाब दे रहे थे। |
|