Samajvadi Party supremo Mulayam Singh Yadav

समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव ने बुधवार को देश में बढ़ती महंगाई के लिए वाममोर्चा के घटक दलों को परोक्ष रूप से जिम्मेदार ठहराया है। यादव ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि देश में महंगाई बढ़ने की एक बड़ी वजह मूल्यवर्धित कर `वैट' प्रणाली है। इस प्रणाली के जनक वाममोर्चा के घटक दल मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी सहित पश्चिम बंगाल के वित्त-मंत्री असीम दास गुप्ता हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर-प्रदेश में हमारे शासनकाल में वैट लागू कराने के लिए दास गुप्ता खुद लखनऊ आए थे, मगर व्यापारियों और आम आदमी के हित में उनके अनुरोध को ठुकराते हमने राज्य में इस कर व्यवस्था को लागू नहीं किया। यादव ने कहा कि हमारे बाद सत्ता में आते ही उत्तरप्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती ने राज्य में वैट लागू कर दिया जिससे हालात बेकाबू हो गई और महंगाई चरम सीमा पर पहुँच गई।

वहीं, वाममोर्चे द्वारा समर्थन वापस लेने के बाद केंद्र सरकार की संकटमोचक बनी सपा के मुखिया मुलायम ने बसपा सरकार पर लोकसभा में विश्वासमत के दौरान सपा सांसदों को अपने पक्ष में करने के लिए उनका उत्पीड़न करने का आरोप लगाया। मुलायम ने यह भी आरोप लगाया कि मायावती सरकार जेल में बंद उनकी पार्टी के कुछ सांसदों को उनके विरुद्ध लंबित आपराधिक मामले वापस लेने का प्रलोभन भी दे रही है।

सपा मुखिया ने इस मौके पर अपनी धुर राजनीतिक विरोधी बसपा पर तीखे प्रहार करते हुए कहा कि मायावती सरकार लोकसभा चुनाव मुकाबले में उतरने वाले पार्टी के कुछ अन्य वरिष्ठ नेताओं को भी फर्जी मुकदमों में फंसाने की साजिश रच रही है। उन्होंने बताया कि बरेली के सन्हा क्षेत्र से पार्टी विधायक धर्मेद्र कश्यप के विरुद्ध एक फर्जी मामला दर्ज करके उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है। कश्यप को बरेली के आंवला क्षेत्र से लोकसभा चुनाव के लिए सपा अपना उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। लोकसभा में संप्रग सरकार द्वारा 22 जुलाई को विश्वासमत हासिल करने के लिए बडे पैमाने पर सांसदों की खरीद-फरोख्त किए जाने के आरोपों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि यह पैसा कहां है। मैं कम्युनिस्ट नेता एबी वर्धन से इस बारे में जानकारी देने की माँग करता हूँ, ताकि 25 करोड़ रुपये हासिल करने के लिए मैं भी संपर्प कर लूँ। यादव ने मायावती सरकार पर गैर-कानूनी ढंग से प्रतिदिन एक करोड़ रुपये एकत्र करने का आरोप भी लगाया। प्रदेश के पुलिस महानिदेशक विक्रम सिंह, अपर पुलिस महानिदेशक (कानून और व्यवस्था) बृजलाल और लखनऊ के जिलाधिकारी चंद्रभानू को अपराधी करार देते हुए उन्होंने इन वरिष्ठ अधिकारियों पर छात्रों का उत्पीड़न करने का भी आरोप लगाया।

वहीं, संप्रग को समर्थन के मुद्दे पर मुलायम ने कहा कि हमारी पार्टी सरकार बाहर से समर्थन देगी, जबकि लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस से गठजोड़ के बारे में कोई फैसला अभी लिया जाना है। यादव ने कहा कि सपा के सारे सांसद एकजुट हैं और वे संप्रग सरकार के समर्थन में मतदान करेंगे। पार्टी के फैसले के खिलाफ असंतोष जाहिर करने वाले तीन सांसद करीब तीन महीने पहले ही पार्टी से नाता तोड़ चुके हैं।