विशेष श्रेणीइस लेख को |
आईएईए को करार की जानकारी देगा भारत
आईएईए के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स की बैठक से पूर्व भारत संयुक्त राष्ट्र परमाणु निगरानी संबंधी इस प्रमुख निकाय के 35 सदस्यों को सुरक्षा मानक समझौते और भारत-अमेरिका परमाणु करार के अन्य पहलुओं के बारे में शुक्रवार को वियना में जानकारी देगा। अधिकारियों ने मीडिया में छपी उन खबरों का खंडन किया जिसमें यह कहा गया कि भारत 18 जुलाई को आईईएई के बोर्ड की बैठक में ब्रीफिंग नहीं करेगा। परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह (एनएसजी) के वह सदस्य देश जो बोर्ड के सदस्य नहीं हैं को भी विदेश सचिव शिवशंकर मेनन द्वारा इस मामले पर जानकारी दी जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि भारत इस मामले पर समर्थन जुटाने के इरादे से यह प्रयास कर रहा है। अधिकारियों ने कहा कि आईएईए बोर्ड के सदस्यों के लिए एक विशेष ब्रीफिंग का आयोजन किया गया है ताकि भारत-अमेरिका परमाणु समझौते की पृष्ठभूमि में महत्वपूर्ण देशों को भारत की स्थिति से अवगत कराया जा सके। आईएईए बोर्ड के 35 सदस्य देशों में से 26 एनएसजी देश हैं। एनएसजी के शेष देशों को भी विशेष ब्रीफिंग के लिए आमंत्रित किया गया है। ऐसा करना इसलिए जरूरी है क्योंकि भारत को आईएईए बोर्ड द्वारा सुरक्षा मानक समझौते को मंजूरी दिए जाने के बाद 45 देशों के इस समूह से सहमति लेना है। ब्रीफिंग के समय परमाणु ऊर्जा विभाग में सचिव आरबी ग्रोवर भी मेनन के साथ होंगे। इससे पूर्व भारत ने आईएईए के सभी 40 देशों को समझौते के बारे में जानकारी देने का मन बनाया था लेकिन बाद में देशों की संख्या में कमी कर दी गई क्योंकि सभी देशों को जानकारी देने का निर्णय गैरजरूरी लगा। सुरक्षा मानक समझौते को 35 सदस्यों के बोर्ड को मंजूरी देनी है। आईएईए बोर्ड ऑफ गवर्नर्स की बैठक एक अगस्त को होने वाली है। |
|