हरियाणा के सिरसा जिले के दवाली शहर में आज सिखों और डेरा सच्चा सौदा के समर्थकों के बीच हुए संघर्ष के बाद कर्फ्यू लागू कर दिया गया है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार इस संघर्ष में एक की मौत हो गई और 30 अन्य लोग घायल हो गये।

सूत्रों के मुताबिक इस खूनी संघर्ष के बाद हरियाणा और पड़ोसी राज्य पंजाब में हाई अलर्ट की घोषणा कर दी गई है। उपायुक्त वी. उमाशंकर ने बताया कि सिरसा से 60 किलोमीटर दूर दवाली शहर में दोनों गुटों के बीच संघर्ष की घटना उस समय घटी जब डेरा सच्चा सौदा समर्थकों के सुबह प्रार्थना सभा `नामचर्चा' के दौरान सिख समुदाय के लोग उनसे आकर भिड़ गये। इस संघर्ष के दौरान सिख समुदाय का एक व्यक्ति जमीन पर गिर गया और भीड़ तले कुचल गया और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। यह भी बताया गया कि उसकी मौत दोनों गुटों के लोगों के बीच एक-दूसरे पर फेंके गये ईंट-पत्थर लगने से हुई।

मारे गये इस व्यक्ति की पहचान दवाली शहर के निवासी मनेन्द्र सिंह के रुप में की गई है। स्थिति पर काबू पाने की कोशिश की प्रक्रिया में उपायुक्त उमाशंकर भी मामूली रूप से चोटिल हो गये। उपायुक्त ने प्रेट्र को बताया कि दोनों गुटों के समर्थकों ने संघर्ष के दौरान हथियारों, तलवारों और लाठी आदि का जमकर इस्तेमाल किया।

इस घटना के बाद आस-पास के इलाकों में हिंसा और तेजी से फैली गई। भीड़ ने दवाली की 15 दुकानों को लूट लिया एवं दो दुकानों को आग के हवाले कर दिया। इन लोगों ने सड़क पर मौजूद कई वाहनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।

हरियाणा के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) वी. बी. सिंह ने बताया कि सिरसा और दवाली में अतिरिक्त पुलिस बल के रूप में रैपिड एक्शन बल के दो सौ जवानों को तैनात कर दिया गया है। पंजाब के भटिंडा से 40 किलोमीटर दूर हुए इस संघर्ष के संबंध में एफआईआर दर्ज कर लिया गया है।