Indian Cricketer Yuvraj Singh and Bollywood Actress Deepika Padukone

भारतीय एकदिवसीय क्रिकेट टीम के उप -कप्तान और लड़कियों में काफी लोकप्रिय युवराज सिंह ने आज अभिनेत्री दीपिका पादुकोण से रोमांस और फिर दिल टूटने की बात स्वीकार की।  युवराज ने यहाँ अभिनेत्री दीपिका के साथ अपने संक्षिप्त रोमांस के बारे में कहा, `यदि कोई भी रिश्ता तोड़ना चाहता है, तो दूसरा उसमें कुछ नहीं कर सकता। वह मेरे साथ थी और अब वह किसी अन्य व्यक्ति के साथ है। मेरा मानना है कि यह उसकी व्यक्तिगत पसंद है।'

युवराज इस साल के शुरू में जब भारतीय टीम के साथ ऑस्ट्रेलियाई दौरे पर गये हुए थे, तो दीपिका भी शूटिंग के लिए वहाँ गई हुई थी और तब दोनों के बीच रोमांस की खबरें काफी चर्चा में रही थी। मध्यक्रम के इस बल्लेबाज ने कहा, `मैं  बेवकूफ नहीं हूँ। दीपिका से पहले चार साल तक मैं किम शर्मा से जुड़ा रहा और यह गंभीर और प्रतिबद्ध रिश्ता था।'  युवराज ने कहा कि भद्र महिला को न सिर्फ यह समझना चाहिए कि उसकी सार्वजनिक छवि कितनी अहम है, बल्कि क्रिकेट   में अपना सर्वश्रेष्ठ हासिल करने के लिए उसे प्रेरित भी करना चाहिए। पंजाब के इस क्रिकेटर ने हालाँकि कहा कि वह अब जिंदगी में स्थायी रिश्ता बनाना चाहते हैं।

किम शर्मा के साथ चार साल तक चले रिश्ते के बारे में युवराज ने कहा कि उन्होंने बॉलीवुड अभिनेत्री से काफी कुछ सीखा।  युवराज ने कहा, `उसने मेरे पहनावे के तरीके में सुधार किया। उसने मुझे सिखाया कि बाहर निकलने और अलग-अलग तरह के लोगों से मिलने से हमेशा मदद मिलती है। उसने मुझसे यह भी कहा कि लोग जो कहते हैं, उससे परेशान नहीं होना चाहिए।'