Mamta Banerjee

तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने सोमवार को कहा कि वह लोकसभा में विश्वास प्रस्ताव पर होने वाले मतदान में हिस्सा नहीं लेंगी। ममता बनर्जी ने यहां एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, मैं दिल्ली नहीं जा रही हूं। मैं न तो कांग्रेस के पक्ष में और नहीं भाजपा या माकपा के पक्ष में मतदान करूंगी। हमारा रुख इन सभी दलों से समान दूरी बनाए रखना है।

तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ने कहा कि उन्होंने पार्टी में इस मुद्दे पर चर्चा के बाद यह फैसला किया है। उन्होंने कहा, आम लोग परमाणु करार की तुलना में बढ़ती महंगाई को लेकर ज्यादा चिंतित हैं। ममता तृणमूल कांग्रेस की अकेली सांसद हैं। उन्होंने कहा कि महंगाई रोकने में विफल रहने वाली संप्रग सरकार में पार्टी को कोई विश्वास नहीं है। सरकार को परमाणु करार पर नया जनादेश प्राप्त करना चाहिए।

ममता ने विश्वास प्रस्ताव पर मतदान से पहले सांसदों की खरीद-फरोख्त संबंधी रिपोर्ट की भी आलोचना की। उन्होंने कहा, जो कुछ भी हो रहा है वह शर्मनाक है। तृणमूल कांग्रेस को खरीदा नहीं जा सकता। हम सिद्धांतों में विश्वास रखते हैं।