कोटा मुक्त विश्वविद्यालय उच्च शिक्षा के खुले दरवाजे
कोटा मुक्त विश्वविद्यालय की एक बड़ी खासियत यह है कि यहाँ से कोई भी ऐसा व्यक्ति, जो किसी भी वजह से औपचारिक शिक्षा से वंचित रह गया हो, वह सीधे उच्च शिक्षा हासिल कर सकता है, बशर्ते उसकी उम्र 18 साल या इससे ज्यादा हो चुकी हो और वह भारत का नागरिक हो। इस विश्वविद्यालय की स्थापना 23 जुलाई, 1987 को हुई। विश्वविद्यालय का मुख्यालय राजस्थान के कोटा शहर में स्थित है और इसका न्यायिक क्षेत्र (भारत में) समूचा राजस्थान है। विश्वविद्यालय की तीन प्रमुख विशेषताएँ हैं - ज्ञान के संसाधनों का विविधीकरण करना, उसे उन्नत बनाना और हर जरूरतमंद तक पहुँचाना। कोटा मुक्त विश्वविद्यालय समाज के सभी वर्गों को, राजस्थान और उसके बाहर के भारतीय नागरिकों को उच्च शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराता है। खासतौर पर उन लोगों के लिए, जो पारंपरिक शिक्षा व्यवस्था के तहत उच्च शिक्षा हासिल कर पाने में असमर्थ हैं। वर्तमान में कोटा मुक्त विश्वविद्यालय जिन महत्वपूर्ण शैक्षिक पाठ्यक्रम को मुहैया कराता है, उनमें हैं - कॉमर्स में पी.एच.डी., मैनेजमेंट, ह्यूमैनिटीज़, सोशल साइंस, साइंस और एजुकेशन। इसके साथ ही यह विश्वविद्यालय अर्थशास्त्र, इतिहास और राजनीति विज्ञान में मास्टर डिग्री प्रदान करता है तथा बैचलर डिग्री के लिए बैचलर ऑफ आर्ट्स, बैचलर ऑफ कॉमर्स में भी डिग्री देता है। यहाँ से विभिन्न विषयों में पोस्टग्रेजुएट डिप्लोमा भी किये जा सकते हैं, जैसे मैनेजमेंट, ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट, फाइनेंशियल मैनेजमेंट, मार्केटिंग मैनेजमेंट, ऑपरेशन मैनेजमेंट, डिप्लोमा इन मैनेजमेंट, मास्टर इन एजुकेशन, बैचलर ऑफ एजुकेशन, डिप्लोमा इन लाइब्रेरी एंड इनफॉर्मेशन साइंस, पोस्टग्रेजुएट डिप्लोमा इन लेबर लॉ, इंडस्ट्रियल रिलेशंस एंड पर्सनल मैनेजमेंट। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म एंड मॉस कम्युनिकेशन, डिप्लोमा इन टूरिज्म एंड होटल मैनेजमेंट, डिप्लोमा इन न्यूट्रीशन एंड हेल्थ एजुकेशन, डिप्लोमा इन कंप्यूटर एंड ऑफिस मैनेजमेंट। डिग्री/डिप्लोमा के साथ ही यह मुक्त विश्वविद्यालय सर्टिफिकेट पाठ्यक्रम भी उपलब्ध कराता है। जिन विषयों में सर्टिफिकेट प्रदान किये जाते हैं, उनमें ये कोर्स शामिल हैं- कंप्यूटर प्रोग्रामिंग, सर्टिफिकेट इन फूड एंड न्यूट्रीशन, होटल एंड जनरल मैनेजमेंट, टूरिज्म मैनेजमेंट, टूरिज्म इन इंडिया एंड एब्राड, मार्केटिंग मैनेजमेंट, ह्यूमन रिसोर्स डेवेलपमेंट, इंडस्ट्रियल रिलेशन एंड लॉ, लेबर वेलफेयर लेजिसलेशन एंड इंडस्ट्रियल सोशियोलॉजी, वेजेस एंड सोशल सेक्यूरिटी लेजिसलेशन, पर्सनल मैनेजमेंट एंड इंडस्ट्रियल साइकोलॉजी, लेबर इकोनॉमी एंड स्टैटिस्टिक्स, मैनेजमेंट फाउंडेशन एंड बिहेवियर, ऑर्गेनाइजेशन डिजाइन डेवेलपमेंट एंड चेंज, कॉर्पोरेट पॉलिसीज एंड प्रैक्टिसेज, इकोनॉमिक्स एंड सोशल इन्वायरमेंट, एकाउंटिंग फॉर मैनेजर्स, मार्केटिंग फॉर मैनेजर्स, मैनेजमेंट ऑफ मशींस एंड मेटीरियल्स, इन्फॉर्मेशन मैनेजमेंट एंड कम्प्यूटर, क्वांटीटेटिव एनालिसिस फॉर मैनेजीरियल एप्लीकेशंस एवं मैनेजीरियल इकोनॉमिक्स। कुल मिलाकर कोटा मुक्त विश्वविद्यालय घर बैठे उच्च शिक्षा की हसरत को पूरी करने के लिए बहुत सारे विकल्प मुहैया कराता है। इसके लिए यह बहुत उदार अवसर प्रदान करता है। जहाँ तक यहाँ प्रवेश पाने का सवाल है तो यह मुक्त विश्वविद्यालय सबके लिए खुला हुआ है। भारत का कोई भी नागरिक विशेष तौर पर जिसकी उम्र 18 साल या इससे ज्यादा हो, वह यहाँ प्रवेश पाने का अधिकारी है। जो लोग इंटरमीडिएट या 10 प्लस 2 की परीक्षाएँ पास कर चुके हैं, किसी भी बोर्ड से या उनके पास इसके समकक्ष की डिग्री है, उन्हें यह मुक्त विश्वविद्यालय अपने सभी अकादमिक कार्यक्रमों में सीधे प्रवेश देता है। लेकिन उन लोगों के लिए भी उच्च शिक्षा के ये दरवाजे बंद नहीं हैं, जिनके पास किसी भी वजह से पारंपरिक या फॉर्मल शैक्षिक योग्यता नहीं है। बस, इनके लिए विश्वविद्यालय द्वारा चलाया जाने वाला एक इलेजिबिलिटी टेस्ट पास करना होता है, जो छ महीने का कोर्स होता है। छ महीने के बाद परीक्षाएँ होती हैं और अगर आप परीक्षा में पास हो जाते हैं, तो सीधे बैचलर डिग्री के लिए किसी भी पाठ्यक्रम में प्रवेश पा सकते हैं। अगर पास नहीं हुए तो कोई बात नहीं, अगली बार फिर से परीक्षा दीजिए और एक बार फिर अपनी किस्मत आजमाइए। विश्वविद्यालय घर बैठे छात्रों को पढ़ने के लिए पाठ्य-सामग्री उपलबध कराता है। यह छपी हुई सामग्री होती है और इसमें सामग्री के साथ-साथ पठन-पाठन के निर्देश भी होते हैं। इस छपी हुई सामग्री के अलावा विश्वविद्यालय छात्रों के लिए अन्य सामग्री, जिसमें ऑडियो और वीडियो कैसेट, एक्सरसाइज किट्स, ग्रुप डिस्क्शन, ट्यूटोरियल्स एक्सटेंशन लेक्चर्स और फेस-टू-फेस काउंसलिंग की सुविधा भी भुगतान के आधार पर मुहैया कराता है। इस विश्वविद्यालय के छ स्थानीय केंद्र भी हैं, जो राजस्थान के अलग-अलग शहरों में स्थित हैं। ये रीजनल सेंटर्स जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, कोटा, अजमेर और बीकानेर में स्थित हैं। इसके अलावा विश्वविद्यालय के 33 अध्ययन केंद्र भी हैं। विश्वविद्यालय की भविष्य में राजस्थान के सभी जिला मुख्यालयों में अध्ययन केंद्र खोलने की योजना है। विश्वविद्यालय में साल में दो बार रजिस्ट्रेशन होते हैं। एक बार जुलाई में और दूसरी बार जनवरी में। जुलाई में होने वाले रजिस्ट्रेशन के लिए प्रक्रिया की शुरुआत मई के प्रथम सप्ताह में शुरू हो जाती है, जो जून के अंतिम सप्ताह तक चलती है। जबकि जनवरी में होने वाले रजिस्ट्रेशन के लिए प्रवेश प्रक्रिया की शुरुआत अक्तूबर-नवंबर में होती है और दिसंबर के अंत तक चलती है। सीधे फॉर्म भरकर निदेशक, स्थानीय विश्वविद्यालय केंद्र के नाम भेजकर भी प्रवेश पाया जा सकता है। सभी डिग्री/डिप्लोमा और सर्टिफिकेट कोर्स के लिए फीस का भुगतान करना पड़ता है। विश्वविद्यालय में चलाये जाने वाले तमाम पाठ्यक्रमों का भाषायी माध्यम हिन्दी और अंग्रेजी है। अधिक जानकारी के लिए इस पते पर संपर्क किया जा सकता है- कोटा मुक्त विश्वविद्यालयरावत भाटा रोड, अखेलगढ़, कोटा-324010 (राजस्थान)फोन नं. - 0744-2471254/2472507 ई-मेल पता - root@kou.raj.nic.in |
|