Attack on residence of BJP's dismissed MP

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बर्खास्त सांसद चंद्रभान सिंह के आवास पर आज कथित तौर पर भाजपा से संबद्ध कुछ लोगें ने तोड़फोड़ की। गौरतलब है कि विश्वास प्रस्ताव पर मतदान के दौरान सिंह ने पार्टी व्हिप का उल्लंघन करते हुए केंद्र सरकार के पक्ष में मतदान किया था।

सूत्रों ने बताया कि लगभग 100 लोगों ने सिंह के नार्थ एवेन्यू स्थित सरकारी आवास पर आज सुबह 11 बजे तोड़फोड़ की। घटना के दौरान सांसद अपने आवास में मौजूद थे। चंद्रभान सिंह मध्य-प्रदेश के दमोह लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं।

भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह और वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी के पक्ष में नारे लगाते कार्यकर्ताओं ने सांसद के आवास की खिड़कियों तथा गमलों को तोड़ दिया। इसके अलावा ये लोग उनकी बैठक में भी प्रवेश कर गए और वहाँ भी तोड़फोड़ मचायी।

कुछ पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुँच कर इन लोगों को बलपूर्वक वहाँ से भगाया। इस घटना में न तो सांसद और न ही उनके परिजन घायल हुए हैं।