Asaramji Bapu

गुजरात के गोधरा स्थित आसाराम बापू के आश्रम में सीआईडी और खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की ओर से छापेमारी की गई है। यह छापेमारी दो बच्चों की हत्या के संदिग्ध आरोपियों की तलाश और नकली दवाएँ बेचे जाने के आरोप के बाद हुई है। ऐसा पहली बार हुआ कि आसाराम बापू के आश्रम में इस तरह की कार्रवाई की गई। सूत्र बतातें हैं कि छापे मारी के दौरान 8 लोगों की गिरफ्तार की गई है।

गौरतलब है कि आश्रम के दो बच्चों की हत्या होने का मामला पुलिस थाने में दर्ज हुआ है। हत्या के मामले ने काफी तूल पकड़ रखा है। मृत बच्चों के घर वाले अनशन पर भी बैठे थे। मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर अनशन टूटा था। सरकार ने आश्वासन दिया था कि मामले की जांच सीआईडी से कराई जाएगी। जिस समय दो बच्चों की लाशें मिली थीं। उस समय लोगों ने आश्रम में जमकर तोड़फोड़ भी की थी। लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि आश्रम के जरिए नकली दवाओं का धंधा होता है। जबकि, आसाराम बापू हत्या को हादसा मान रहे हैं। नकली दवाओं के आरोप को भी वे सिरे से खारिज करते हैं। लेकिन, राज्य सरकार ने इस मामले कों गंभीरता से लिया है। इसी के तहत आश्रम में छापेमारी जैसे कड़े कदम उठाए जा रहे हैं।