लोकसत्ता पार्टी ने वर्ष 2009 में होने वाले चुनाव के लिए आज घोषणा पत्र जारी किया। पार्टी के संस्थापक जयप्रकाश नारायण ने आज पार्टी कार्यालय में `निशब्द क्रान्ति' नामक चुनावी घोषणा पत्र जारी किया।  

घोषणा पत्र जारी करने के अवसर पर उन्होंने कुल 30 आश्वासन देते हुए कहा कि लोकसत्ता के सत्ता में आने के बाद इन सभी आश्वासनों को शत-प्रतिशत पूरा किया जाएगा। इस संदर्भ में उन्होंने कहा कि स्थानीय निकायों को पूरे अधिकार दिये जाएँगे। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था, निशुल्क शिक्षा एवं चिकित्सा सुविधा, क्षेत्रीय इलाकों का विकास, शराब पर प्रतिबंध एवं 10 लाख लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा 25 करोड़ रुपये से सभी छोटे शहरों का विकास किया जाएगा। साथ ही ग्रामीण इलाकों में निर्बाध बिजली की आपूर्ति की जाएगी।