विशेष श्रेणीइस लेख को |
एक दिन बाद मिला जिन्दा बम
निम्न तीव्रता वाले श्रृंखलाबद्ध विस्फोटों के एक दिन बाद आज बेंगलूर में विस्फोट स्थल के निकट एक बम बरामद किया गया, जिसे बम निरोधक दस्ते ने निक्रिय कर दिया। इस बीच बेंगलूर में सुरक्षा-व्यवस्था कड़ी कर दी गई और रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों, हवाई अड्डे और सूचना प्रसारण या आईटी से जुड़े प्रतिष्ठानों पर गहरी सतर्कता और चौकसी बरती जा रही है।
नगर पुलिस आयुक्त शंकर बीदरी ने बताया कि दस्ते ने मौके पर पहुँच कर बम को निक्रिय कर दिया। पुलिस उस समय हरकत में आई जब यह खबर फैली कि आज सुबह फोरम मॉल के पास लाल टी-शर्ट पहने 24-25 साल का एक अज्ञात व्यक्ति फुटपाथ पर बाल्टी के आकार की एक वस्तु रखकर गायब हो गया। राज्य के बम निरोधक दस्ते के साथ राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड के बम विशेषज्ञ भी तुरंत मौके पर पहुँचे। उन्होंने पाया कि बाल्टीनुमा वस्तु में एक माइक्रोचिप डेटोनेटर विस्फोटक पदार्थ तथा तेल है। बीदरी ने बताया कि यह बम भी कल के श्रृंखलाबद्ध विस्फोटों में उपयोग किए गए बम के समान ही था। बम के निक्रिय किए जाने तक क्षेत्र में किसी को भी आने -जाने की इजाजत नहीं दी गई। बाल्टी रखने वाले व्यक्ति को खोजने के लिए अभियान शुरू कर दिया गया है। पुलिस संयुक्त आयुक्त गोपाल होसुर के नेतृत्व में एक विशेष दल घटना की जाँच में लगा हैं। पुलिस सूत्रों ने यहाँ बताया कि एहतियात के तौर पर तमाम प्रमुख प्रतिष्ठानों और नगर के सभी प्रवेश एवं निकासी बिंदुओं पर सुरक्षा प्रबंध कड़े कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि नगर के भीड़-भाड़ वाले विभिन्न इलाकों में पुलिस के दस्ते तैनात कर दिये गये हैं। उल्लेखनीय है कि इनमें से कुछ इलाकों को कल के आतंकवादी हमलों का लक्ष्य बनाया गया था। नगर की तमाम प्रमुख सूचना प्रौद्योगिकी और जैव प्रौद्योगिकी कंपनियों में सुरक्षा प्रबंध कड़े कर दिए गए हैं। नगर में स्थित अनेक बहुराष्ट्रीय के साथ ही कई प्रमुख राष्ट्रीय कंपनियों में एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। इन एहतियाती कदमों के तहत परिसर में प्रवेश करने वाले आगंतुकों की गहरी छानबीन की जा रही है। सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने नगर के अनेक बिंदुओं को संवेदनशील के बतौर चिह्नित किया है। विस्फोट के बाद पुलिस के दलों ने कल रात भर इन बिंदुओं पर लगातार निगाह रखी। उधर, नई दिल्ली में गृह मंत्रालय के सूत्रों ने बताया कि इन हमलों के पीछे पाकिस्तान आधारित लश्कर-ए-तैयबा या प्रतिबंधित सिमी का हाथ हो सकता है। इस बीच, कल देर रात बेंगलूर पहुँचे केन्द्राrय सुरक्षा एजेंसियों के एक दल ने पाया कि विस्फोटकों में निम्न स्तर के अमोनियम नाइट्रेट का उपयोग किया गया था। सूत्रों ने बताया कि विस्फोट कराने के लिए विस्फोटक यंत्रों में छोटे टाइमर सर्किट लगाए गए थे। कल के बम विस्फोटों के प्रत्यक्षदर्शियों से मिले ब्योरों के अनुरूप पुलिस 22 साल के एक व्यक्ति का खाका तैयार कर रही है। इस बीच, कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी. एस. येदियुरप्पा ने कहा कि इन विस्फोटों के लिए जिम्मेदार लोगों को पकड़ने के लिए जाँच सही दिशा में चल रही है। उन्होंने कहा कि इन विस्फोटों के चलते सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) क्षेत्र से जुड़े लोगों और साथ ही आमजन को दहशत में आने या किसी तरह का अंदेशा करने की कोई जरूरत नहीं है। येदियुरप्पा ने कहा `जाँच जारी है।' बुकमार्क किजिए
पाठकों के भाव |
|