राजधानी हैदराबाद के आबिड्स क्षेत्र में आज उस समय तनाव फैल गया, जब अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई के दौरान एमआईएम विधायक ने गोली चला दी।  प्राप्त समाचार के अनुसार हैदराबाद महानगर निगम द्वारा अवैध कब्जे हटाते समय स्थानीय लोगों व अधिकारियों के बीच जमकर वाद-विवाद हुआ। इस बात की खबर मिलते ही एमआईएम के  विधायक अफसर खान तुरन्त वहाँ पहुँच गये।

इस दौरान स्थानीय लोगों ने अफसर खान से मुलाकात कर उनसे अवैध कब्जे हटाने की शिकायत उनसे की। इसे लेकर अधिकारियों और विधायक के बीच गरमा-गरम बहस हुई। इस दौरान अफसर खान ने अपना रिवॉल्वर निकाल कर हवा में 4 गोलियाँ चलाई। अचानक हुई इस घटना से स्थानीय लोग व अधिकारी बुरी तरह घबरा गये और वहाँ अफरा-तफरी मच गयी। बाद में निगम अधिकारियों ने गोली चलाने के बारे में अफसर खान से पूछताछ की। इस पर अफसर खान का कहा कि उन्होंने आत्मरक्षा के तहत ही गोलियाँ चलाई। अधिकारियों की शिकायत पर आबिड्स पुलिस ने अफसर खान को गिरफ्तार कर लिया। अफसर खान के गिरफ्तारी का विरोध करते हुए एमआईएम कार्यकर्ताओं ने आबिड्स थाने के पास धरना दिया।  

एमआईएम कार्यकर्ताओं द्वारा धरना दिये जाने से यातायात व्यवस्था बुरी तरह बाधित हुई। कार्यकर्ताओं ने आबिड्स क्षेत्र में जबरन दुकानें बन्द करवा दीं, जिससे वहाँ तनाव की स्थिति बन गयी। इस दौरान नामपल्ली और मौजमजाही मार्केट क्षेत्र में यातायात व्यवस्था लगभग दो घण्टे के लिए पूरी तरह ठप्प रहा।