Daily Hindi Milap (South India No.1 Hindi News Paper publishing from Hyderabad) - http://www.hindimilap.com
बेंगलूर के बाद अहमदाबाद - 17 विस्फोट - 18 मौतें - 100 घायल
http://www.hindimilap.com/articles/978/1/aaaaaaa-aa-aaa-aaaaaaaa---17-aaaaaaa---18-aaaaa---100-aaaa/Page1.html
By विनय वीर
प्रकाशित 07/27/2008
 
बेंगलूर में कल शुक्रवार को हुए सिलसिलेवार बम धमाकों की गूंज अभी शांत भी नहीं हुई थी कि आज गुजरात की राजधानी अहमदाबाद भी श्रृंखलाबद्ध विस्फोट से थर्रा उठा। सूत्रों के अनुसार शहर में लगभग शाम पौने सात बजे एक के बाद एक हुए 17 बम धमाकों ने शहर को दहला दिया। धमाकों के बाद शहर में अफरातफरी का माहौल है।

बेंगलूर के बाद अहमदाबाद - 17 विस्फोट - 18 म
बेंगलूर में कल शुक्रवार को हुए सिलसिलेवार बम धमाकों की गूंज अभी शांत भी नहीं हुई थी कि आज गुजरात की राजधानी अहमदाबाद भी श्रृंखलाबद्ध विस्फोट से थर्रा उठा। सूत्रों के अनुसार शहर में लगभग शाम पौने सात बजे एक के बाद एक हुए 17 बम धमाकों ने शहर को दहला दिया। धमाकों के बाद शहर में अफरातफरी का माहौल है। धमाकों में 18 लोगों के मरने की आशंका है, जबकि 1000 लोग घायल हुए हैं। हताहतों की संख्या बढ़ सकती है। मृतकों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। इंडियन मुजाहिद्दीन नाम के एक संगठन ने हमले की जिम्मेदारी ली है। इस संगठन ने जयपुर में हुए धमाकों की भी जिम्मेदारी ली थी।  

यह धमाके रायपुर, मणि नगर, इशनपुर, सरन नगर, बापू नगर, नारोल सर्किल, सरखेज, हक्सर, संगम टाकीज के पास, जुहापुरा, सरदार पटेल चौक, गोविन्दवाणी और डायमंड बाजार में हुए।  सभी विस्फोट 15 मिनट के अंतराल पर हुए। मणिनगर क्षेत्र गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी का विधानसभा क्षेत्र है। इस बीच, राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने धमाकों की कड़े शब्दों में निंदा की है। देश के कई प्रमुख शहरों में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। हाल ही में जयपुर में हुए बम धमाकों की तर्ज पर यहां पर भी साइकल का इस्तेमाल किया गया। सूत्रों के अनुसार धमाकों में टाइमर का भी इस्तेमाल किया गया है। वहीं कुछ साइकिलों पर टिफिन का भी प्रयोग किया गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक विस्फोट में कम क्षमता वाले विस्फोटक का इस्तेमाल किया गया। अहमदाबाद स्टेशन पूरी तरह  सील कर दिया गया है। शहर के नौ थाना क्षेत्रों में चौकसी बढ़ा दी गई है।  

सभी धमाके भीड़भाड़ वाले इलाकों में हुए हैं शाम के समय यहां लोगों की खासी भीड़ रहती है। गुजरात के गृहमंत्री अमित शाह ने बताया कि सुरक्षा बलों को एलर्ट कर दिया है। अहमदाबाद से बाहर जाने वाले सभी रास्तों को बंद कर दिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और फोरेसिक टीम मौके पर पहुंच रही है। धमाकों के बाद मोबाइल नेटवर्प जाम हो गया है। सभा इलाकों में अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती कर दी गई है।

उल्लेखनीय है कि कल बेंगलूर में हुए धमाकों के बाद सभी संवेदनशील शहरों में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया था। इसके बावजूद भी लोगों में दहशत फैलाने के लिए शहर में सीरियल धमाके हुए। जयपुर में हुए बम धमाकों की जिम्मेदारी लेने वाले इंडियन मुजाहिद्दीन संगठन ने इन धमाकों की भी जिम्मेदारी ली है। एक निजी टीवी चैनल को धमाकों से पांच मिनट पहले मेल किया गया। यह उल्लेखनीय है कि जयपुर बम धमाकों के समय की गई मेल में अहमदाबाद को अगला निशाना बनाने के लिए कहा गया था। इससे पहले वर्ष 2002 में शहर में श्रृंखलाबद्ध बम धमाके हुए थे। वहीं गृहराज्य मंत्री शकील अहमद ने हमले की निंदा करते हुए इसे राज्य सरकार की चूक बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के बीच तालमेल की कमी के चलते ही इस तरह की घटनाओं में इजाफा हो रहा है।