मुख्यमंत्री डॉ. वाई.एस. राजशेखर रेड्डी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस यानि 15 अगस्त से हाल में बढ़ाई गयी वार्षिक आय सीमा के आधार पर नये राशन कार्ड जारी करने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
मुख्यमंत्री डॉ. वाई.एस. राजशेखर रेड्डी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस यानि 15 अगस्त से हाल में बढ़ाई गयी वार्षिक आय सीमा के आधार पर नये राशन कार्ड जारी करने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। साथ ही आगामी नवंबर माह से हर माह की पहली तारीख को ही राशन दिया जाएगा। कल, सोमवार से राशन कार्डों पर सब्सिडी युक्त पॉमोलिन तेल वितरण प्रक्रिया शुरू होगी।
रंगारेड्डी जिले के तांडूर में सब्सिडी युक्त पॉमोलिन तेल वितरण प्रक्रिया का केंद्रीय कृषि-मंत्री शरद पवार द्वारा किए जाने वाले उद्घाटन कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए डॉ. रेड्डी ने उक्त जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लगभग 25 लाख नये राशन कार्ड जारी किए जाएंगे। नये सफेद राशन कार्ड जारी करने की सभी आवश्यक तैयारियाँ की जा रही हैं। उन्होंने जनता से कहा कि यदि योग्य लोगों को राशन कार्ड नहीं मिला, तो पोस्टकार्ड के जरिए वे उन तक जानकारी पहुँचा सकते हैं। डॉ. रेड्डी ने कहा कि जनता की सुविधा के लिए ही जन वितरण प्रणाली मजबूत की गयी है। अवसर पर उन्होंने बताया कि जन वितरण प्रणाली का दुरुपयोग होने से रोकने के लिए सरकार आवश्यक कदम उ"ा रही है। उन्होंने कहा कि सब्सिडी युक्त चावल, तूअर दाल व पॉमोलिन तेल को काला बाज़ार की ओर मोड़ने की कोशिश करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि रोजमर्रा की वस्तुओं की दरों को नियंत्रण में रखने की हरसंभव कोशिश की जा रही है। इसके तहत हर साल चार हज़ार करोड़ की लागत से बृहद कार्ययोजना बनायी गयी है। उन्होंने कहा कि इसके अंतर्गत ही दो रुपये चावल, सब्सिडी पर तूअर दाल का वितरण शुरू किया गया है। कल से पॉमोलिन तेल भी दिया जाएगा। अवसर पर उन्होंने विपक्ष पर बरसते हुए कहा कि कुछ पार्टियों ने राशन कार्ड जारी प्रक्रिया के खिलाफ बात करते हुए इसे विवाद में घसीटने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने जोड़ा कि सरकार किसी के दबाव में आकर इस प्रक्रिया को नहीं रोकेगी।