I have seen terrorist

अहमदाबाद में श्रृंखलाबद्ध विस्फोटों के चंद ही घंटों बाद अमरेली के कुकावाव तालुका के एक आदमी को कुछ फोन कॉल आए थे और उन कॉल का संबंध अहमदाबाद के विस्फोटों से हो सकता है।

जिला पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह ने `पीटीआई' को बताया, `यहाँ सालान गाँव के कमलेश नासित को कल रात 8 बजकर 6 मिनट पर अहमदाबाद के एक लैण्डलाइन नंबर से फोन कॉल आया, जिसमें कहा गया `एजाज काम हो गया है।'

सिंह ने बताया कि नासित ने इसका जवाब गुजराती भाषा में दिया। इसके बाद लाइन काट दी गई। उन्होंने बताया कि नासित को रात 8 बजकर 40 मिनट पर एक मोबाइल फोन से कॉल आया। इस बार के फोन कॉल में भी वही जुमला दोहराया गया और कॉल काट दिया गया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इन दो फोन कॉल के बाद नासित ने पुलिस से संपर्क किया। पुलिस ने उससे ब्योरा हासिल किया और राज्य नियंत्रण को इस फोन कॉल के बारे में जानकारी दी। सिंह ने बताया कि इन दो फोन कॉल के बाद नासित के पास फिर कोई और फोन कॉल नहीं आया। सिंह ने बताया कि संभवत अहमदाबाद पुलिस की अपराध शाखा इन रहस्यमय फोन कॉल की और तहकीकात करे। कल अहमदाबाद के विभिन्न स्थानों पर श्रंखलाबद्ध 16 विस्फोट हुए। इन विस्फोटों में कम से कम 45 लोग मारे गए और 162 से ज़्यादा अन्य लोग घायल हो गए।