तिरुमला में आईओसी गैस भंडारण सुविधा का शिलान्यास
तिरुपति, टीटीडी के अध्यक्ष बी.आर. नायुडू ने तिरुमला के आउटर रिंग रोड पर 45 मीट्रिक टन क्षमता वाली एलपीजी गैस भंडारण सुविधा के निर्माण हेतु भूमि पूजन किया। यह सुविधा टीटीडी की भविष्य की आवश्यकताओं को पूरा करेगी। जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, टीटीडी के अध्यक्ष ने कहा कि आईओसीएल पिछले दो दशकों से टीटीडी को निरंतर एलपीजी की आपूर्ति कर रहा है। अब अगले 30 वर्षों तक निर्बाध आपूर्ति के लिए नए समझौते पर हस्ताक्षर किए गए हैं।

टीटीडी और आईओसीएल द्वारा संयुक्त रूप से निर्मित किया जाने वाला यह संयंत्र 8.13 करोड़ रुपये की लागत से 1.86 एकड़ में बनाया जाएगा। इसके छह माह के भीतर पूरा होने की उम्मीद है। संग्रहित एलपीजी का उपयोग लड्डू प्रसादम और निशुल्क भोजन तैयार करने में किया जाएगा। अध्यक्ष ने कहा कि इस पहल से टीटीडी को सालाना लगभग 1.50 करोड़ रुपये की बचत होगी।
यह भी पढ़ें… श्रीवारी सेवा में ग्लोबल प्रोफेशनल्स को जोड़ने टीटीडी की नई तैयारी
आईओसीएल के विपणन निदेशक वी. सतीश कुमार ने बताया कि तिरुमला डंपिंग यार्ड के पास 12.05 करोड़ रुपये की लागत से बायो गैस संयंत्र निर्माणाधीन है। प्रतिदिन उत्पन्न होने वाले 55 टन गीले कचरे में से लगभग 40 टन का प्रसंस्करण आईओसीएल द्वारा किया जाएगा, जिससे प्रतिदिन 1,000 किलोग्राम बायो गैस का उत्पादन होगा।
अवसर पर टीटीडी के मुख्य अभियंता सत्यनारायण, कार्यकारी अभियंता सुब्रह्मण्यम, सुधाकर, विकास अभियंता चंद्रशेखर, टीटीडी तथा आईओसीएल के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



