बाढ़ प्रभावितों के साथ है सरकार : भट्टी

हैदराबाद, उप-मुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्का ने कहा कि भारी वर्षा व बाढ़ के चलते बेघर हुए लोगों को सरकार की ओर से सभी आवश्यक सहायता प्रदान की जा रही है।

खम्मम में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने के बाद सीएम रेवंत रेड्डी की अध्यक्षता में हुई राहत कार्यों की समीक्षा बैठक में भट्टी ने कहा कि पीड़ित परिवारों को रोजमर्रा वस्तुओं के अलावा जलमग्न हुए मकानों के लिए 10-10 हजार रुपये की तत्काल सहायता जारी की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों से स्थानीय लोगों को राहत शिविरों में स्थानांतरित किया गया है। बाढ़ कम होने के बाद स्थिति का आकलन कर प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने आगे कहा कि बाढ़ के चलते मौसमी बीमारियां फैलने का खतरा है।

इनकी रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग सभी आवश्यक कदम उठा रहा है। उन्होंने बताया कि अन्य प्रभावित जिलों की तुलना में खम्मम में मुनेरू में बाढ़ आने से अधिक नुकसान हुआ। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की जनता को परेशान होने की कोई जरूरत नहीं है, क्योंकि सरकार उनके साथ है। इस मौके पर उन्होंने विपक्ष बीआरएस की आलोचना करते हुए कहा कि प्राकृतिक आपदाओं के दौरान जनता के बीच जाकर सांत्वना तक नहीं देने वाले पिछले शासक आज सोशल मीडिया के जरिए राज्य सरकार की आलोचना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सभी मंत्री पिछले दो दिनों से जनता के बीच रहकर उनको राहत दिलाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठा रहे हैं। भारी वर्षों से संबंधित चेतावनी के चलते सरकार द्वारा उठाये गये पूर्व कदमों से इस आपदा को पार करने में सफल हुए। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों को तत्काल राहत दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाये जा रहे हैं। राज्य में हुई इस प्राकृतिक आपदा की जानकारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी दी गयी।

Exit mobile version