महेश बाबू ने ईडी से पूछताछ के लिए अतिरिक्त मांगा समय, व्यस्त कार्यक्रम के चलते नहीं हुए पेश
हैदराबाद, टॉलीवुड के सुपरस्टारअभिनेता महेश बाबू ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) अधिकारियों को पत्र लिखकर पूछताछ के लिए अतिरिक्त समय मांगा है। उन्हें आज ईडी के समक्ष पेश होना था, लेकिन अपने व्यस्त कार्यक्रम का हवाला देकर अभिनेता ने अतिरिक्त समय की मांग की है।
सूत्रों के अनुसार, महेश बाबू रविवार को ईडी के समक्ष पेश नहीं हो सके, क्योंकि वह अपने व्यस्त कार्यक्रम में फंसे हुए थे।
बताया गया कि कुछ दिन पहले ही ईडी ने महेश बाबू को 27 अप्रैल को पूछताछ के लिए तलब किया था।
रियल एस्टेट घोटाले में अभिनेता का नाम आया सामने
यह समन हैदराबाद स्थित रियल एस्टेट कंपनियों साई सूर्या डेवेलपर्स और सुराणा ग्रुप से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में भेजा गया था।
सूत्रों के अनुसार, इन कंपनियों के खिलाफ वित्तीय अनियमितताओं और धनशोधन के आरोपों की जांच की जा रही है, जिसमें कई हाई-प्रोफाइल निवेशकों और हस्तियों के नाम सामने आए हैं।
बताया जा रहा है कि महेश बाबू का नाम भी कुछ वित्तीय लेनदेन के सिलसिले में आया है, जिसे स्पष्ट करने के लिए ईडी ने उनसे सवाल-जवाब करने का फैसला किया था।
ईडी जल्द जारी करेगी नई तारीख का समन
अभिनेता की ओर से भेजे गए पत्र में कहा गया कि वह अपने व्यस्त फिल्मी कार्यक्रमों और पूर्व निर्धारित प्रतिबद्धताओं के चलते तय तिथि पर उपस्थित नहीं हो पाएंगे। उन्होंने अधिकारियों से जल्द ही एक नई तारीख निर्धारित करने का अनुरोध भी किया।
बताया जाता है कि प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारी अभिनेता के अनुरोध पर विचार करते हुए नई तिथि तय करने के बाद दोबारा समन जारी करने की तैयारी कर रहे है। फिलहाल जांच एजेंसी साई सूर्या डेवेलपर्स और सुराणा ग्रुप से जुड़े वित्तीय लेनदेन की गहनता से जांच कर रही है।
ईडी सूत्रों के अनुसार, महेश बाबू के अलावा भी कुछ अन्य प्रमुख हस्तियों से पूछताछ किए जाने की संभावना जताई जा रही है। एजेंसी का मकसद पूरे नेटवर्क को उजागर करना और अवैध पैसों के स्रोत का पता लगाना है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





