कोकापेट में पत्थर तोड़ने के लिए किए गए विस्फोट में 10 लोग घायल
हैदराबाद, नगर के सीमांत क्षेत्र नारसिंगी थाना परिधि के अंतर्गत कोकापेट में निर्माण कार्य के लिए पत्थर तोड़ने हेतु जिलेटिन स्टिक से किए गए विस्फोट में 10 लोग घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, निर्माण कार्य के संबंध में बुनियाद की खुदाई के दौरान जमीन में निकले भारी पत्थरों को तोड़ने के लिए कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा जिलेटिन स्टिक्स के जरिए विस्फोट किया गया।
तेज आवाज के साथ विस्फोट के चलते टूटे हुए पत्थर उछलकर आस-पास गिर गए। कुछ पत्थर पास में ही लेबर कैम्प के शेड पर गिरने के कारण 10 मजदूर और अय्यप्पा स्वामी घायल हो गए। इसके अलावा आस-पास के क्षेत्रों में कुछ वाहन भी पत्थर लगने के कारण क्षतिग्रस्त हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुँची पुलिस ने घटनास्थल की जाँच-पड़ताल की। इस जाँच-पड़ताल में पता चला कि कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा बिना अनुमति के विस्फोट किया गया। प्राथमिक जाँच से इस बात का भी खुलासा हुआ कि कंपनी द्वारा एक साथ निर्माण स्थल पर 10 क्षेत्रों में विस्फोट किया गया था। विस्फोट से उछले पत्थर लेबर कैम्प के अलावा अय्यप्पा स्वामी भक्तों के शिविर पर भी जा गिरे। पुलिस कंपनी के खिलाफ बीएनएस की धारा 125, 91बी के तहत मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है।