एमसीईएमई, सिकंदराबाद का 107वां दीक्षांत समारोह संपन्न
हैदराबाद, मिलिट्री कॉलेज ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स एंड मैकेनिकल इंजीनियरिंग (एमसीईएमई), सिकंदराबाद में 107वां दीक्षांत समारोह मनाया गया। समारोह में तकनीकी प्रवेश योजना पाठ्यक्रम-43 के अधिकारियों को बी.टेक. की डिग्री प्रदान की गई।
अवसर पर मुख्य अतिथि भारतीय प्रबंध संस्थान (आईआईएम) इंदौर के निदेशक प्रो. हिमांशु राय अपने दीक्षांत भाषण में कहा कि सैन्य और नागरिक दोनों क्षेत्रों में में चरित्र, नैतिक नेतृत्व और बौद्धिक दक्षता का अत्याधिक महत्व है। युवा सैन्य अधिकारियों को साहस, विवेक और नवाचार के साथ नेतृत्व करने की क्षमता को मजबूत करना चाहिए। अपने संबोधन में उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सशस्त्र बलों की शानदार प्रतिक्रिया का भी विशेषरूप से उल्लेख किया।
समारोह के दौरान 20 अधिकारियों को बैचलर ऑफ टेक्नोलॉजी की डिग्री प्रदान की गई। लेफ्टिनेंट डी. सुभाष को सर्वश्रेष्ठ ऑल-राउंड छात्र अधिकारी होने के लिए डीजीईएमई गोल्ड मेडल और जीओसी-इन-सी एआरटीआरएसी ट्रॉफी मिली। लेफ्टिनेंट अभिनव नायर और लेफ्टिनेंट आदर्श कुमार सिंह को मैकेनिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स स्ट्रीम में प्रथम स्थान हासिल करने के लिए कमांडेंट सिल्वर मेडल से सम्मानित किया गया।
वर्तमान संदर्भों में तकनीकी शिक्षा महत्वपूर्ण
एमसीईएमई के कमांडेंट लेफ्टिनेंट जनरल नीरज वार्ष्णेय, वीएसएम ने अपने उद्बोधन में सभी उत्तीर्ण अधिकारियों को बधाई दी और कहा कि वर्तमान और भविष्य की युद्ध रणनीतियों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता(एआई) , ड्रोन, रोबोटिक्स, मशीन लर्निंग और अनमैन्ड सिस्टम्स जैसी तकनीकों की भूमिका लगातार बढ़ रही है और जो देश तकनीक में श्रेष्ठ होंगे, वही विश्व का नेतृत्व करेंगे। एमसीईएमई की प्रशिक्षण व्यवस्था हमारे अधिकारी को परिचालन और तकनीकी रूप से उत्कृष्ट बनाती है। एमसीईएमई में शैक्षणिक कार्यक्रम युवा अधिकारियों को आधुनिक सैन्य अभियानों के लिए आवश्यक तकनीकी विशेषज्ञता से लैस करने के लिए डिज़ाइन किए गए हैं।
यह भी पढ़ें …. क्लैट में अभ्यास के विद्यार्थियों का उत्साहपूर्ण प्रदर्शन
समारोह के पश्चात मेहमानों ने अधिकारियों द्वारा विकसित किए गए नवोन्मेषी तकनीकी प्रोजेक्ट्स का अवलोकन किया। जो रक्षा क्षेत्र की व्यावहारिक चुनौतियों के समाधान पर केंद्रित थे। यह दीक्षांत समारोह एमसीईएमई की गौरवशाली परंपरा का प्रमाण बना, जो भारतीय सेना के लिए तकनीकी रूप से दक्ष और रणनीतिक रूप से सजग नेतृत्व तैयार करता है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



