‘120 बहादुर’ टीज़र : रेज़ांग ला युद्ध की वीर गाथा
मुंबई, एक्सेल एंटरटेनमेंट ने मंगलवार को अपनी आगामी सैन्य एक्शन फिल्म 120 बहादुर का टीज़र रिलीज़ किया, जिसमें अभिनेता और निर्माता फरहान अख्तर मुख्य भूमिका में हैं। रजनीश घई के निर्देशन में बनी यह फिल्म 21 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।

टीज़र 1962 के भारत-चीन युद्ध की पृष्ठभूमि पर आधारित एक तीव्र कहानी की झलक देता है। फिल्म में चार्ली कंपनी, 13 कुमाऊं रेजिमेंट के जवानों की वीरता, बलिदान और साहस को दर्शाया गया है, जिन्होंने 3000 चीनी सैनिकों का मुकाबला किया था। फरहान अख्तर परम वीर चक्र विजेता मेजर शैतान सिंह की भूमिका निभा रहे हैं, जिन्होंने इस मिशन का नेतृत्व किया।
टीज़र में मेजर शैतान सिंह का संवाद भावुक करता है: “मेरे पिता ने कहा था कि ये वर्दी सिर्फ साहस नहीं, बलिदान भी मांगती है। आज वो पल आ गया है। आखिरी गोली तक, आखिरी कदम तक, आखिरी खून की बूंद तक लड़ूंगा, लेकिन पीछे नहीं हटूंगा। हम पीछे नहीं हटेंगे।” फिल्म में फीमेल लीड में राशी खन्ना नजर आएंगी।
साथ ही स्पर्श वालिया, अजींक्य रमेश देव, एजाज़ खान, विवान भटेना, अंकित सिवाच, अशुतोष शुक्ला, अतुल सिंह, बृजेश करनवाल, देवेंद्र अहिरवार, धनवीर सिंह, दिग्विजय प्रताप और साहिब वर्मा भी अहम भूमिकाओं में हैं।
यह भी पढ़े : http://सुधीर बाबू-सोनाक्षी की ‘जटाधर’ का फर्स्ट लुक जारी
फिल्म का संगीत अमित त्रिवेदी ने दिया है, सिनेमैटोग्राफी टेटसुओ नागाटा ने की है और संपादन रमेश्वर एस भगत ने किया है।
120 बहादुर की कहानी राजीव जी मेनन ने लिखी है और संवाद सुमित अरोड़ा ने तैयार किए हैं। फिल्म को रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर के एक्सेल एंटरटेनमेंट ने अमित चंद्रा की ट्रिगर हैप्पी स्टूडियोज़ के साथ मिलकर प्रोड्यूस किया है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





