मुंबई तट के समीप नौका हादसे में 13 मरे

मुंबई, महाराष्ट्र में मुंबई तट के समीप बुधवार को नौसेना के एक पोत के एक नौका से टकराने के कारण 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 99 अन्य लोगों को बचा लिया गया। नौसेना ने यह जानकारी दी।

नौसेना की ओर से जारी किए गए एक बयान में कहा गया कि नौसेना का पोत इंजन परीक्षण के लिए जा रहा था, लेकिन तभी शाम चार बजे इसने नियंत्रण खो दिया और करंजा के पास यह नीलकमल नामक नौका से टकरा गया। यह नौका यात्रियों को गेटवे ऑफ इंडिया से लोकप्रिय पर्यटन स्थल एलीफेंटा द्वीप पर लेकर जा रही थी।

नौसेना ने कहा कि नौसेना ने तटरक्षक बल और समुद्री पुलिस के समन्वय से खोज एवं बचाव प्रयास तुरंत शुरू किए। बचाव अभियान में नौसेना के चार हेलिकॉप्टर, नौसेना की 11 नौकाएँ, तटरक्षक बल की एक नौका और समुद्री पुलिस की तीन नौकाओं की मदद ली गई।

इसमें कहा गया, नौसेना और अन्य जहाजों की मदद से जीवित बचे लोगों को आस-पास की जेटी पर पहुँचाया गया और फिर उन्हें अस्पतालों में भर्ती कराया गया। अब तक 99 लोगों को बचाया जा चुका है।नौसेना ने बताया कि इस हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई है, जिसमें नौसेना का एक कर्मचारी और नौसेना के जहाज में सवार ओईएम (मूल उपकरण निर्माता) के दो लोग शामिल हैं। उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर खोज एवं बचाव अभियान के साथ-साथ सभी कर्मचारियों का लेखा-जोखा भी तैयार किया जा रहा है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नागपुर में संवाददाताओं को बताया कि इस घटना में 101 लोगों को बचा लिया गया है। (भाषा)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button