हाईटेक्स में 17वाँ पोल्ट्री इंडिया एक्सपो 25 नवंबर से, मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी होंगे मुख्य अतिथि
हैदराबाद, इंडियन पोल्ट्री इक्विपमेंट मैन्युफैक्चर असोसिएशन (आईपीईएमए) द्वारा दक्षिण एशिया की प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय पोल्ट्री प्रदर्शनी पोल्ट्री इंडिया एक्सपो-2025 का आयोजन हाईटेक्स प्रदर्शनी सेंटर में आगामी 25 से 28 नवंबर तक किया जाएगा। एक्सपो में पोल्ट्री प्रजनन, हैचरी स्वचालन, चारा मिलिंग, पशु चिकित्सा उत्पाद, आवास, टिकाऊ पोल्ट्री प्रथाओं आदि में नवीनतम नवाचारों तथा उन्नत प्रथाओं को प्रदर्शित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी प्रदर्शनी में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
सोमाजीगुड़ा स्थित होटल दि पार्क में आयोजित कर्टन रेजर कार्यक्रम में बताया गया कि विकसित भारत की दिशा में सतत पोल्ट्री भविष्य का मार्ग प्रशस्त करने वाले पोल्ट्री इंडिया एक्सपो का यह 17वाँ संस्करण 25 नवंबर को एचआईसीसी नोवोटल में ज्ञान दिवस के साथ शुरू होगा। एक्सपो में 1,500 से अधिक प्रतिनिधि तथा सात से अधिक अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ एक साथ मंच पर आएँगे।
इसके अलावा चालीस से अधिक देशों के 500 से ज्यादा प्रदर्शक तथा पोल्ट्री किसान, पशु चिकित्सक, शोधकर्ता तथा हितधारक उपस्थिति दर्ज कराते हुए वैश्विक पोल्ट्री उद्योग में नवीनतम नवाचारों तथा प्रथाओं को प्रदर्शित करेंगे। साथ ही पोल्ट्री उद्योग की चुनौतियों पर ध्यान केंद्रित करते हुए उद्योग पेशेवरों को व्यावसायिक अवसरों का पता लगाने, पोल्ट्री संचालन में स्वचालन, पोल्ट्री फार्मिंग, फीड प्रौद्योगिकियों, नावचारों तथा संबंधित स्वास्थ्य प्रबंधन में नवीनतम प्रगति तथा इस क्षेत्र में भविष्य के कॅरियर के अवसरों सहित अन्य प्रमुख विषयों को चर्चा का केंद्र बनाया जाएगा।
यह भी पढ़ें… हैदराबाद : ओयू विकास रूपरेखा को लेकर हितधारक बैठक सत्र का आयोजन
पोल्ट्री इंडिया एक्सपो-2025 और भारत में उद्योग विकास
आईपीईएमए के अध्यक्ष उदय सिंह बयास ने कहा कि भारत का पोल्ट्री उद्योग उल्लेखनीय विकास पथ पर अग्रसर है। पिछले वर्ष आयोजित 16वें संस्करण की उल्लेखनीय सफलता के बाद पोल्ट्री इंडिया एक्सपो-2025 और भी अधिक प्रभावशाली होगा। हम इस वर्ष और भी उच्च मानक स्थापित कर रहे हैं। हमारा लक्ष्य साथ मिलकर भारत के पोल्ट्री क्षेत्र के भविष्य को आकार देना तथा देश को एक वैश्विक पोल्ट्री पावर हाउस के रूप में स्थापित करना है।
एक राष्ट्र-एक एक्सपो की थीम पर आधारित आईपीईएमए नवाचार, कृषक सशक्तिकरण और अंतरराष्ट्रीय सहयोग में अग्रणी भूमिका निभाते हुए वैश्विक मंच पर भारत की पोल्ट्री उत्कृष्टता को प्रदर्शित करने हेतु विकसित भारत के साथ दृष्टिकोण को जोड़ेगा। एक्सपो में भारत सहित विभिन्न देशों के 45,000 से अधिक आगंतुकों के आने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष का महत्व यह भी है कि युगांडा के कृषि मंत्रालय और उसके कृषि मंत्री के साथ दुनिया भर की विभिन्न सरकारों का प्रतिनिधित्व करने वाले कई संघों के एक्सपो में आने की उम्मीद है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि भारत इस क्षेत्र में किस प्रकार विकास कर रहा है। कारण है कि आज हम अंडे के दूसरे तथा चिकन के चौथे सबसे बड़े उत्पादक हैं।
अवसर पर राष्ट्रीय अंडा समन्वय समिति, अखिल भारतीय पोल्ट्री प्रजनक संघ, अखिल भारतीय पोल्ट्री उत्पाद निर्यातक संघ तमिलनाडु, तेलंगाना पोल्ट्री फेडरेशन, तेलंगाना पोल्ट्री ब्रीडर्स असोसिएशन, आंध्र प्रदेश पोल्ट्री फेडरेशन और राज्य क्षेत्रीय संघ, तमिलनाडु पोल्ट्री किसान संघ, वियन वेट्स असोसिएशन तेलंगाना, कर्नाटक पोल्ट्री किसान एवं प्रजनक संघ सहित अन्य संबंधित संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भारत में तेजी से विकसित हो रहे पोल्ट्री क्षेत्र में व्याप्त संभावनाओं पर प्रकाश डाला।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





