जीएचएमसी में प्रजावाणी कार्यक्रम पर 200 शिकायतें
हैदराबाद, ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम में आयोजित प्रजावाणी कार्यक्रम में शिकायतों की संख्या 200 तक पहुँच गयी। शिकायतों के अंबार को देखते हुए जीएचएमसी आयुक्त आर.वी. कर्णन ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि इनके त्वरित समाधान पर ध्यान दें। आज जीएचएमसी आयुक्त कर्णन ने प्रजावाणी में प्राप्त शिकायतों का त्वरित समाधान करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
जीएचएमसी मुख्यालय में आयोजित प्रजावाणी में लोगों की शिकायतें सुनने के दौरान आयुक्त ने आश्वासन दिया कि शिकायतों की जाँच कर प्राथमिकता के साथ जल्द से जल्द उनका समाधान किया जाएगा। आयुक्त ने कहा कि अधिकारी लोगों की शिकायतों के समाधान में लापरवाही न बरतें। विशेषकर विभागाध्यक्ष प्रत्येक याचिकाकर्ता की समस्या को हल करने के लिए कड़ी मेहनत करें। इस बात के प्रयास करें कि समस्याओं की पुनरावृत्ति न हो।
जीएचएमसी मुख्यालय में प्रजावाणी के दौरान 74 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 37 शिकायतें टाउन प्लानिंग विभाग से संबंधित थीं। कर एवं आवास विभाग को 7-7 शिकायतें प्राप्त हुईं। अन्य शिकायतें सतर्कता विभाग, इंजीनियरिंग विभाग, स्वास्थ्य और स्वच्छता विभाग एवं अन्य विभागों से संबंधित थीं। जीएचएमसी के अधिकार क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले छह जोन में कुल 126 शिकायतें प्राप्त हुईं।
यह भी पढ़ें… हैद्रा प्रजावाणी में पुराने लेआउट पर शिकायतों का अंबार
इनमें 55 शिकायतें कुकटपल्ली जोन में, 28 शेरीलिंगमपल्ली जोन में, 27 सिकंदराबाद जोन में, 9 एल.बी. नगर जोन में, 6 चारमीनार जोन में तथा एक शिकायत खैरताबाद जोन में प्राप्त हुई। अतिरिक्त आयुक्त रघु प्रसाद, वेणुगोपाल, सत्यनारायण, वेणुगोपाल रेड्डी, गीता राधिका, मंगतयारु, सीसीपी श्रीनिवास एवं अन्य अधिकारी अवसर पर उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





