कई खगोलीय घटनाएँ समेटे है 2025
क्वींसलैंड, हर रात आसमान में तारों की आँख मिचौली या नक्षत्रों की वार्षिक परेड के साथ साथ हमेशा रोमांचक घटनाएँ होती हैं। वर्ष 2025 कोई अपवाद नहीं है और नए साल में भी ऐसी रोमांचक घटनाएँ होनी हैं। रात का आकाश बेहद खूबसूरत होता है और आप यहाँ उल्लिखित घटनाओं को देख सकते हैं, भले ही आप कई अन्य लोगों की तरह प्रकाश-प्रदूषित शहर में रहते हों। अधिकतर घटनाओं के लिए आपको दूरबीन की आवश्यकता नहीं होती। यहाँ कुछ मुख्य बातें दी गई हैं।
मार्च और सितंबर : ये दो आगामी माह चंद्र ग्रहण वाले होंगे। सोमवार आ सितंबर की सुबह चंद्र ग्रहण शुरू होगा, जब चंद्रमा पूरी तरह पृथ्वी की छाया में चला जाएगा। हल्के झुकाव वाली लाल रोशनी दिखेगी, क्योंकि उस समय हम सूर्येदय और सूर्यास्त के प्रतिबिंब को देख रहे होंगे। पूर्ण चंद्र ग्रहण सूर्य ग्रहण से अधिक सामान्य है और इसे पृथ्वी के उन सभी क्षेत्रों से देखा जा सकता है जहाँ रात होती है। सूर्य ग्रहणों के विपरीत, चंद्र ग्रहण को बिना किसी सहायता के, आँखों से देखना सुरक्षित है। वे फोटोग्राफी के लिए भी सुरक्षित हैं। एक तिपाई, एक कैमरा या फोन जो समयबद्ध एक्सपोजर ले सकता है, उसकी ही जरूरत होगी। ग्रहण की शुरुआत पृथ्वी की छाया से होती है जो लगभग एक घंटे में धीरे-धीरे चंद्रमा को ढक लेती है। इसी तरह, पूर्णता के बाद पृथ्वी की छाया को चंद्रमा से दूर होने में लगभग एक घंटा लगता है।
ऑस्ट्रेलिया के पूर्वी तट से देखा जाए तो, पूर्ण ग्रहण 8 सितंबर को सुबह तीन बज कर 30 मिनट से चार बज कर 53 मिनट तक रहेगा। न्यूजीलैंड में यह सुबह पाँच बज कर 30 मिनट से चंद्रास्त तक होगा। दक्षिण ऑस्ट्रेलिया या उत्तरी क्षेत्र से सुबह तीन बजे से चार बज कर 23 मिनट तक और पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया से देर रात डेढ़ बजे से दो बज कर 53 मिनट तक यह ग्रहण होगा।
इससे पहले 14 मार्च, शुक्रवार की शाम को, एओटेरोआ, न्यूजीलैंड के लोग सूर्यास्त के बाद क्षितिज से ऊपर उगते हुए पूर्ण रूप से ग्रहणग्रस्त चंद्रमा को देख पाएँगे। पूर्वी ऑस्ट्रेलिया के दर्शकों को भी चंद्रोदय के बाद आंशिक रूप से ग्रहणग्रस्त चंद्रमा की एक संक्षिप्त झलक मिलेगी। इसे सिडनी से 34 मिनट, ब्रिस्बेन से 43 मिनट और केर्न्स से 16 मिनट के लिए ही देखा जा सकेगा।
मार्च : शनि की पहचान बताने वाले उसके छल्ले गायब हो रहे। शनि और उसके खूबसूरत वलयों को दूरबीन से देखना हमेशा रोमांचकारी होता है। चाहे आप उन्हें पहली बार देख रहे हों या सौवीं बार, मन भरता ही नहीं है। हालाँकि, 2025 की शुरुआत में छल्लों के समतल से पृथ्वी के गुजरने पर ये छल्ले गायब हो जाएँगे। यह घटना शनि की सूर्य के चारों ओर 29 साल की परिक्रमा के दौरान दो बार होती है, यानी लगभग 15-15 साल के अंतराल पर। बहरहाल, यह घटना 24 मार्च को होगी, लेकिन हम इसे देख नहीं पाएँगे, क्योंकि इस दिन शनि सूर्य के बेहद करीब होगा। इससे पहले फरवरी के मध्य तक शाम को और मार्च के अंत से सुबह में हम शनि को काफी संकीर्ण, झुके हुए छल्लों के साथ देख पाएँगे। शनि को उसके छल्लों के साथ या उसके बिना देखने के लिए एक छोटी दूरबीन की आवश्यकता होती है। यदि आपके पास ऐसी दूरबीन नहीं है, तो आप सिडनी वेधशाला जैसी किसी सार्वजनिक वेधशाला में जा सकते हैं या स्थानीय खगोलीय समूह, जैसे कि विक्टोरिया की खगोलीय सोसायटी के साथ मेलबर्न वेधशाला में अवलोकन सत्र में भाग ले सकते हैं। मई और दिसंबर में उल्कापात होगा। वर्ष में दो मुख्य उल्कापात एटा एद्रेरिड और जेमिनिड होने हैं।(द कन्वरसेशन)