रिश्वतखोरी के 152 मामलों में 223 लोगों की हुई गिरफ्तारी

हैदराबाद, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने वर्ष 2024 में रिश्वतखोरी तथा आय से अधिक संपत्ति से संबंधित 152 मामले दर्ज़ करते हुए 223 आरोपियों को गिरफ़्तार किया। एसीबी के महानिदेशक विजय कुमार ने बताया कि वर्ष 2024 में रंगे हाथों रिश्वत स्वीकारते हुए 129 मामलों में 200 आरोपियों को गिरफ़्तार किया गया। इनमें से 159 सरकारी कर्मचारी शामिल हैं। इसके अलावा 11 सरकारी कर्मचारियों पर आय से अधिक संपत्ति तथा 12 के खिलाफ आपराधिक कदाचार के मामले दर्ज़ कर 18 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार की शिकायत मिलने के बाद 11 जगह जाँच की गई और 29 जगह औचक छापेमारी करते हुए सरकार को रिपोर्ट पेश की गई।

विजय कुमार ने बताया कि इस वर्ष भ्रष्टाचार के 14 मामलों में आरोपियों को दोषी मानते हुए सज़ा का ऐलान भी हुआ। इस वर्ष सज़ा का प्रतिशत 64 रहा। इस वर्ष पुराने 26 मामलों को अंतिम रूप दिया गया, जिसमें एक मामला वर्ष 2018, तीन मामले वर्ष 2019, 5 मामले 2020, 5 मामले 2021 तथा 12 मामले 2022 से संबंधित थे। उन्होंने बताया कि 129 रिश्वतखोरी के मामलों में कुल 82 लाख 78 हजार रुपये जब्त करते हुए पीड़ितों को 64 लाख 80 हजार रुपये वापस किए गये। इसके अलावा आय से अधिक संपत्ति से संबंधित 11 मामलों में 97 करोड़ 42 लाख 67 हजार रुपयों की संपत्ति ज़ब्त की गयी। उन्होंने आम जनता को भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूक करने के उद्देश्य से 3 से 9 दिसंबर तक एंटी करप्शन वीक चलते हुए हेल्पलाइन नंबर 1064 को जागरूक करने की भी जानकारी दी। महानिदेशक ने सरकारी विभागों में सरकारी कर्मचारियों के रिश्वत मांगने पर एसीबी की हेल्पलाइन नंबर 1064 पर शिकायत करने की भी अपील की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button