हनमकोंडा में 300 आवारा कुत्तों को ज़हर देकर मारा गया
वरंगल, जानवरों पर क्रूरता के सोचनिय मामले में हनमकोंडा ज़िले के श्यामपेट और अरेपल्ली गाँवों में 6 से 8 जनवरी के बीच करीब 300 आवारा कुत्तों को कथित तौर पर ज़हर देकर मार दिया गया। पशु कल्याण कार्यकर्ताओं की शिकायत के बाद श्यामपेट पुलिस ने गाँव के सरपंचों, उनके पतियों और पंचायत सचिव समेत कई स्थानीय लोगों के खिलाफ गैर-कानूनी हत्याओं में उनकी कथित भूमिका के लिए एफआईआर दर्ज की।
यह घटना तब सामने आई, जब पशु कल्याण कार्यकर्ता फरज़ाना बेगम और स्ट्रे एनिमल फाउंडेशन ऑ़फ इंडिया के अदुलापुरम गौतम ने बड़े पैमाने पर कुत्तों की मौत की खबरों पुष्टि करने के लिए गाँवों का दौरा किया। एफआईआर के मुताबिक आवारा कुत्तों को ज़हरीले इंजेक्शन लगाकर मारा गया। बताया जाता है कि इस काम के लिए दो लोगों को पैसे देकर लगाया गया था।
तेलंगाना में आवारा जानवरों की हत्या: अधिकारियों की मिलीभगत
पुलिस ने कहा कि शुरुआती सबूतों से पता चलता है कि हत्याएं स्थानीय अधिकारियों की जानकारी और मिलीभगत से की गई थीं। इस मामले में नौ लोगों के नाम हैं, जिनमें श्यामपेट और अरेपल्ली के सरपंच, उनके पति, श्यामपेट के डिप्टी सरपंच, दोनों गांवों के पंचायत सचिव और दो किराए के आदमी शामिल हैं। आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 325 और जानवरों के प्रति क्रूरता रोकथाम एक्ट की धारा 11 (1) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जांच करने वालों ने कहा कि फोन रिकॉर्डिंग और गवाहों के बयानों से पता चला है कि कुछ आरोपियों ने पुलिस को केस की आधिकारिक रिपोर्ट मिलने से पहले कार्यकर्ताओं के साथ निजी बातचीत में हत्याओं की बात मान ली थी। पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से बात करके दखल देने के बाद इस घटना ने देश भर का ध्यान खींचा।
इस घटना पर अदुलापुरम गौतम ने कहा कि आवारा जानवरों को बड़े पैमाने पर मारना न केवल गैर-कानूनी है। उन्होंने इस हादसे के लिए स्थानिय निकायों की नाकामी को ज़िम्मेदार ठहराया और तेलंगाना सरकार से कहा कि वह भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए तुरंत बड़े पैमाने पर नसबंदी और एंटी-रेबीज़ वैक्सीनेशन कार्यक्रम शुरू करे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



