गांजे की खेती करने वाले 6 आरोपी गिरफ्तार, 95 पौधे जब्त
निर्मल, निर्मल पुलिस ने गांजे की खेती करने वाले 6 आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए 95 पौधों को जब्त किया, जिनका मूल्य लगभग 85 लाख रुपये आंका गया। पुलिस अधीक्षक डॉ. जानकी शर्मिला ने बताया कि विश्वस्त सूत्रों के जरिये जानकारी मिलने के बाद आलमपल्ली स्थित खेतों में छापेमारी की गई। पौधों की जांच करने पर वे गांजे के पाये गए। इसके बाद पुलिस ने गांजे के पौधे उगाने के मामले में टेकडा इदल, केसावत सजनलाल, गोती रविंदर, के. संतोष, बी. रविंदर, पी. प्रताप सिंह को गिरफ्तार किया।
उन्होंने बताया कि वे आसानी से पैसा कमाने के लालच में गांजे के पौधे उगा रहे थे। छापेमारी के दौरान इदल के खेतों में 83 गांजे के पौधे पाये गये, जिसका वजन 48.64 किलो और मूल्य 41.50 लाख रुपये आंका गया। उसी तरह, सजनलाल के खेते में 31.36 लाख रुपयों के 12 और पौधों को बरामद किया गया। बताया गया कि इनके खेत गांव के काफी भीतर थे। खेतों को जाने का रास्ता भी ठीक नहीं था। ऐसे में पुलिस अधीक्षक डॉ. शर्मिला दोपहिया का सहारा लेकर गांजे के खेतों के पास पहुंचीं। खानापुर पुलिस आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है। अवसर पर निर्मल के डीएसपी प्रभाकर, खानापुर के इंस्पेक्टर सैदा राव व अन्य अधिकारी उपस्थित थे।