राज्य में इस वर्ष 7,383 अग्नि दुर्घटनाएँ

हैदराबाद, तेलंगाना में वर्ष 2024 के दौरान 7,383 अग्नि दुर्घटनाएँ प्रकाश में आईं, जिसमें 7,093 छोटी, 180 मध्यम स्तर की, 87 गंभीर प्रवृत्ति की और 24 बड़ी अग्नि दुर्घटनाएँ शामिल हैं। वार्षिक सम्मेलन को संबोधित करते हुए अग्निशमन विभाग के पुलिस महानिदेशक एन. नागी रेड्डी ने उक्त जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष अग्नि दुर्घटनाओं में 0.23 प्रतिशत की कमी देखी गई। पिछले वर्ष 7,400 अग्नि दुर्घटनाएँ प्रकाश में आई थी। उन्होंने बताया कि अग्निशमन विभाग अग्नि दुर्घटनाओं से निपटने के अलावा आपातकालीन परिस्थितियों तथा प्राकृतिक आपदा के समय भी अपनी सेवाएँ देता है।

इस वर्ष बाढ़ के दौरान 1,767 लोगों की जान बचाई गई। इसी प्रकार अग्नि दुर्घटनाओं में 495 लोगों की जान बचाई गई। इसी प्रकार इस वर्ष लिफ्ट में फँसे 40 लोगों तथा अन्य दुर्घटनाओं में 54 लोगों की जान बचाई गई। इसके साथ ही 103 पशुओं को भी विभिन्न घटनाओं में सकुशल बचाया गया। उन्होंने बताया कि राहत कार्यों के संबंध में पिछले वर्ष 2,292 फोन कॉल प्राप्त हुए। इस वर्ष 7.29 प्रतिशत वृद्धि के साथ 2,460 फोन कॉल प्राप्त हुए।

उन्होंने बताया कि प्राकृतिक आपदा का शिकार होकर मारे गए 435 लोगों के शव निकाले गए। इस वर्ष सड़क हादसों का शिकार हुए 28 वाहनों को क्रेन के जरिए सड़क से हटाया गया। इसी प्रकार पुराने मकानों के ढहने के 10 मामलों में भी अग्निशमन विभाग द्वारा अति-आवश्यक राहत कार्य और बड़े-बड़े पेड़ों को हटाने का कार्य किया गया। उन्होंने बताया कि इस वर्ष अग्नि सुरक्षा के संबंध में बड़े पैमाने पर अस्पताल, औद्योगिक इलाकों, शैक्षणिक संस्थाओं, आवासीय क्षेत्रों समेत अन्य कुछ क्षेत्रों में कुल 8,433 जागरूकता कार्यक्रम अमल में लाए गए। इसके अलावा अग्नि सुरक्षा के संबंध में अस्पताल, औद्योगिक इलाकों, शैक्षणिक संस्थाओं, आवासीय क्षेत्रों व अन्य कुछ क्षेत्रों में कुल 157 औचक जाँच-पड़ताल की गई।

उन्होंने बताया कि कुल 147 अग्निशमन केंद्र स्थापित है, जिसमें 119 सिंगल यूनिट, 18 डबल यूनिट, एक मल्टी यूनिट और 9 आउट पोस्ट शामिल है। अग्निशमन विभाग में विभिन्न प्रकार के कुल 454 वाहन कार्यरत है। गत 18 फरवरी, 2024 को मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने गच्ची बावली में अग्निशमन विभाग के मुख्यालय और कमान कंट्रोल सेंटर का उद्घाटन किया था। उन्होंने बताया कि नियमित अंतराल पर अग्निशमन कर्मियों को अत्याधुनिक तकनीकियों के संबंध में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। गत 10 अक्तूबर, 2024 को गठित स्टेट डिजास्टर रेस्पॉन्स फोर्स के लिए भी अग्निशमन विभाग के 137 फायर स्टेशनों के एक हजार कर्मचारियों का उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष विभिन्न कैटेगिरी जैसे स्टेशन फायर ऑफिसर (26), ड्राइवर ऑपरेटर (225), फायरमैन (610) और जूनियर असिस्टेंट (17) समेत कुल 878 कर्मचारियों की भर्ती की गई। इस वर्ष अग्निशमन विभाग को फायर प्रीकाशन फी और अन्य खर्चों के लिए 34.79 करोड़ रुपये जारी किए गए।

उन्होंने बताया कि वट्टिनागुलापल्ली, राजेन्द्रनगर में 10.78 एकड़ भू-स्थल पर तेलंगाना फायर सर्विसेस एण्ड सिविल डिफेंस ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट की स्थापना की गई, जिसके जरिए भर्ती होने वाले कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके अलावा इंस्टीट्यूशन के जरिए विभिन्न पाठ्यक्रमों के आधार पर प्रशिक्षण भी उपलब्ध करवाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि फायर सर्विस एक्ट 1999 में संशोधन के लिए भी कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button