8 वर्षीय मूक बच्चे पर 20 आवारा कुत्तों का हमला हालत गंभीर
हैदराबाद, हैदराबाद के मंसूराबाद डिवीजन के शिवगंगा कॉलोनी में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां आवारा कुत्तों ने 8 वर्षीय बच्चे पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। लगभग 15–20 कुत्तों ने मिलकर बालक पर हमला किया, जिससे वह बुरी तरह जख्मी हो गया।
पीड़ित बच्चा प्रेमचंद जन्म से मूक है। उसके माता-पिता, तिरुपति राव और चंद्रकला, मूल रूप से प्रकाशम जिले के रहने वाले हैं और पिछले तीन वर्षों से शिवगंगा कॉलोनी में किराए पर रह रहे हैं। घटना के समय पिता राजमिस्त्री का काम करने गए थे और मां घर में पानी भरने में व्यस्त थीं।
इसी बीच प्रेमचंद घर से बाहर आया और कुत्तों ने उसे घेरकर हमला कर दिया। स्थानीय लोगों ने शोर सुनकर तुरंत दौड़कर कुत्तों को भगाया और बच्चे को बचाया। गंभीर हालत में बच्चे को पहले नल्लकुंटा के एक निजी अस्पताल (फीवर हॉस्पिटल) ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे निलोफर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
डॉक्टरों के अनुसार, बच्चे के सिर, कमर और पीठ पर गहरी चोटें आई हैं, और हमले में उसका एक कान भी कट गया है। फिलहाल वह इमरजेंसी वार्ड में उपचाराधीन है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ती आवारा कुत्तों की समस्या पर चिंता जताते हुए तुरंत कार्रवाई की मांग की है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



