केसीआर के जन्मदिन पर काटा गया 72 किलो का केक
हैदराबाद, बीआरएस अध्यक्ष और विपक्ष के नेता के. चंद्रशेखर राव का 72वाँ जन्मदिन उनके फार्महाउस, तेलंगाना भवन सहित विभिन्न स्थानों पर मनाया गया। एर्रावल्ली स्थित फार्महाउस पर वरिष्ठ नेताओं के साथ बड़ी संख्या में समर्थकों एवं कार्यकर्ताओं ने केसीआर को शुभकामनाएँ दीं।
पूर्व मुख्यमंत्री केसीआर के जन्मदिन पर राजनेताओं, पार्टी कार्यकर्ताओं और प्रशंसकों ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएँ दीं। कार्यकर्ताओं ने गाँवों और कस्बों में जन्मदिन समारोह आयोजित किये। केसीआर ने उनसे मिलने आए लोगों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं। केसीआर के पुत्र व पूर्व मंत्री केटीआर अवसर पर उपस्थित थे। प्रशंसकों और कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ को देखते हुए कतार की व्यवस्था की गयी।
पार्टी कार्यालय में बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष के.टी. रामाराव, विधायक दल के उपनेता हरीश राव, तलसानी श्रीनिवास यादव सहित अन्य नेताओं ने 72 किलोग्राम का केक काटकर जन्मदिन मनाया। तेलंगाना आंदोलन पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम, गीत और एक डॉक्यूमेंट्री अवसर पर प्रदर्शित की गई।
अनशन से दिल्ली की सत्ता झुकी : हरीश राव
पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए हरीश राव ने कहा कि वह केवल एक नेता का जन्मदिन नहीं मना रहे, बल्कि एक आंदोलन का जन्मदिन मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर राव ने उस समय तेलंगाना आंदोलन का नेतृत्व किया, जब क्षेत्र को जल बंटवारे, धन और सरकारी नौकरियों में अन्याय का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने बीआरएस प्रमुख के अनिश्चितकालीन अनशन को याद करते हुए कहा कि उनका दृढ़ संकल्प ही दिल्ली की सत्ता को झुकाने और तेलंगाना हासिल करने में महत्वपूर्ण साबित हुआ। उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर राव ने तेलंगाना के लिए विधायक और केंद्रीय मंत्री सहित कई पदों का त्याग किया। उन्होंने मिशन काकतीय, मिशन भागीरथ और कलेश्वरम जैसी सिंचाई परियोजनाओं का भी उल्लेख किया, जो देश के लिए आदर्श बनीं।
तलसानी श्रीनिवास यादव ने कहा कि चंद्रशेखर राव को तेलंगाना हासिल करने और अपने एक दशक के कार्यकाल में व्यापक कल्याणकारी कार्यक्रमों को लागू करने के लिए इतिहास में याद किया जाएगा। उन्होंने चंद्रशेखर राव और उनकी उपलब्धियों को मिटाने के प्रयासों का उपहास उड़ाते हुए कहा कि उनके द्वारा हासिल किया गया तेलंगाना राज्य देश के मानचित्र से कोई भी नहीं मिटा सकता।
तलसानी श्रीनिवास यादव ने विश्वास व्यक्त किया कि बीआरएस अगले चुनावों में फिर से सत्ता में लौटेगी। उन्होंने कहा कि जहाँ चंद्रशेखर राव सरकार ने अनेक विकास और कल्याणकारी योजनाएँ शुरू कीं, वहीं कांग्रेस शासन को विपक्षी दलों और उससे सवाल करने वालों के खिलाफ अत्याचार और धमकियों के नए तरीकों के लिए श्रेय दिया जाना चाहिए। अवसर पर पूर्व मंत्री जी. जगदीश रेड्डी, सी. लक्ष्मा रेड्डी, वी. श्रीनिवास गौड़, विधायक मुथा गोपाल, जी. सुधीर रेड्डी, तेलंगाना भवन प्रभारी रावुला चंद्रशेखर रेड्डी, पूर्व पार्षद, पार्टी नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



